हरेठीकला में सरपंच की कुर्सी धड़ाम! सभी 15 पंचों ने खिलाफ में किया मतदान, अविश्वास प्रस्ताव पारित

एक भी पंच ने नहीं दिया साथ, सरपंच सुशीला बाई सिदार को करारी शिकस्त; पंचायत की राजनीति में बड़ा उलटफेर
सक्ती / बिर्रा – जनपद पंचायत जैजैपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत हरेठीकला में आखिरकार सरपंच की कुर्सी चली गई। सरपंच सुशीला बाई सिदार के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर 20 नवंबर को आयोजित विशेष सम्मेलन में ऐसा शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला, जिसने पंचायत की राजनीति में बड़ा उलटफेर कर दिया। पंचायत के सभी 15 पंचों ने एकजुट होकर सरपंच के खिलाफ मतदान किया। यानी सरपंच के समर्थन में एक भी पंच नहीं आया और अविश्वास प्रस्ताव पारित हो गया।
सुबह से जुटने लगी थी ग्रामीणों की भीड़, पुलिस रही मुस्तैद
अविश्वास प्रस्ताव पर होने वाले मतदान को लेकर 20 नवबंर दिन शुक्रवार को सुबह से ही ग्राम पंचायत भवन हरेठीकला में आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी थी। पूरे गांव में इस शक्ति परीक्षण को लेकर उत्सुकता और चर्चाओं का माहौल गर्म बना रहा। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर पुलिस की चाक-चौबंद तैनाती की गई थी। प्रशासनिक निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच विशेष सम्मेलन की कार्यवाही संपन्न कराई गई। जैसे-जैसे मतदान की घड़ी नजदीक आती गई, ग्रामीणों की निगाहें पंचायत भवन पर टिकी रहीं।
एक भी पंच ने नहीं दिया साथ, सभी 15 ने खोला मोर्चा
हरेठीकला पंचायत में कुल 15 पंच हैं। अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान के दौरान सभी 15 पंचों ने सरपंच के खिलाफ अपना मत दिया। इस तरह अविश्वास प्रस्ताव को सर्वसम्मति से समर्थन मिला और सरपंच सुशीला बाई सिदार अपना पद बचाने में पूरी तरह असफल रहीं। सभी पंचों का एकजुट होकर विरोध में मतदान करना पंचायत की राजनीति में बड़ा संदेश माना जा रहा है।
फर्जी हस्ताक्षर और राशि आहरण के आरोपों से गरमाया था मामला
गौरतलब है कि जनपद पंचायत जैजैपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत हरेठीकला के सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव से पहले ही पंचायत में विवाद गहरा गया था। ग्राम पंचायत के समस्त पंचों ने जनपद पंचायत जैजैपुर पहुंचकर मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप कश्यप को लिखित शिकायत सौंपी थी। पंचों ने आरोप लगाया था कि पिछले करीब डेढ़ साल में केवल एक सामान्य बैठक हुई। इसके बाद न तो कोई सामान्य बैठक बुलाई गई और न ही ग्रामसभा आयोजित की गई। इतना ही नहीं, पंचों की जानकारी और सहमति के बिना प्रस्ताव पंजी एवं उपस्थिति पंजी में कथित फर्जी हस्ताक्षर कर पंचायत की राशि आहरित किए जाने के गंभीर आरोप भी लगाए गए थे।
पंचायत की राजनीति में बड़ा उलटफेर
हरेठीकला में सभी 15 पंचों का एक साथ सरपंच के खिलाफ मतदान करना अपने आप में बड़ा घटनाक्रम है। जिस विवाद की शुरुआत पंचायत के कामकाज और कथित वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों से हुई थी, वह आखिरकार अविश्वास प्रस्ताव तक पहुंचा और अब सरपंच को अपनी कुर्सी गंवानी पड़ी है।
