सक्ती

‘हेल्थ साथी कार्ड’ से मारवाड़ी युवा मंच के सदस्यों को देश के 42 बड़े अस्पतालों में मिलेगा रियायती दरों पर उपचार

राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश एम. जैन ने दी जानकारी, मल्टी-स्पेशलिटी अस्पतालों और डायग्नोस्टिक सेंटरों से हुआ अनुबंध

सक्ती –  देश में लगभग 45 वर्षों से समाज सेवा, जनकल्याण और रचनात्मक कार्यों में अग्रणी रहने वाली संस्था ‘अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच’ ने अपने सदस्यों के स्वास्थ्य हित में एक बड़ी पहल की है। मंच ने देश भर के अपने सदस्यों को बड़े मल्टी-स्पेशलिटी अस्पतालों में चिकित्सा उपचार पर विशेष रियायत दिलाने के लिए ‘हेल्थ साथी परियोजना’ की शुरुआत की है।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के केंद्रीय कार्यालय ने देश के विभिन्न राज्यों के लगभग 42 प्रतिष्ठित और बड़े अस्पतालों के साथ सफलतापूर्वक टाई-अप करते हुए एमओयू (MOU) साइन किया है। इस अनुबंध के अनुसार, मंच के जो भी सदस्य ‘हेल्थ साथी कार्ड’ लेकर इन सूचीबद्ध अस्पतालों में जाएंगे, उन्हें इलाज और जांच में निर्धारित छूट का सीधा लाभ मिलेगा।
देश में किसी सामाजिक संस्था की पहली अनूठी पहल
इस संबंध में जानकारी देते हुए अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश एम. जैन ने बताया कि देश में किसी सामाजिक संस्था द्वारा अपने सदस्यों के लिए इस तरह की स्वास्थ्य योजना पहली बार शुरू की गई है। इस पहल को लेकर देश भर के मंच साथियों में भारी उत्साह है। उन्होंने कहा कि ‘हेल्थ साथी परियोजना’ के माध्यम से सदस्यों को न केवल देश के सर्वश्रेष्ठ अस्पतालों में बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी, बल्कि उपचार के खर्च में छूट मिलने से उन पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ भी काफी कम होगा।
लगातार हो रहा है नेटवर्क का विस्तार
राष्ट्रीय अध्यक्ष जैन ने आगे बताया कि मंच के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा वर्तमान में अनुबंधित 42 अस्पतालों की सूची सार्वजनिक कर दी गई है। इसके साथ ही, आने वाले समय में इस नेटवर्क का लगातार विस्तार किया जा रहा है। इस प्रक्रिया में देश के अन्य बड़े अस्पतालों के साथ-साथ प्रमुख डायग्नोस्टिक सेंटरों और विभिन्न रोगों की जांच करने वाले चिकित्सा संस्थानों को भी जोड़ा जा रहा है, ताकि सदस्यों को हर प्रकार की चिकित्सा सुविधा का लाभ मिल सके।