सक्ती

कांकेर में एसीबी का बड़ा एक्शन: 1.50 लाख की रिश्वत लेते जीएसटी अधिकारी गिरफ्तार, भनक लगते ही सहयोगी ने नाली में फेंके नोट

10 लाख की पेनाल्टी का डर दिखाकर स्क्रैप कारोबारी से की थी अवैध वसूली की मांग

जगदलपुर एसीबी की टीम ने घर पर दबिश देकर अधिकारी और उसके साथी को दबोचा

सक्ती –  एंटी करप्शन ब्यूरो जगदलपुर की टीम ने शनिवार को कांकेर में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक जीएसटी अधिकारी और उसके सहयोगी को डेढ़ लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े जाने के डर से आरोपी के साथी ने रिश्वत की रकम घर के बाहर नाली में फेंक दी थी, जिसे टीम ने बरामद कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
शिकायतकर्ता स्क्रैप कारोबारी मोहम्मद शोएब रंगरेज ने एसीबी को बताया कि 18 नवंबर को उनका वाहन स्क्रैप लेकर जा रहा था। वैध बिल होने के बावजूद जीएसटी अधिकारी अंचला गिरी ने गाड़ी को रुकवा लिया। कारोबारी का आरोप है कि अंचला गिरी इस कार्रवाई के लिए अधिकृत नहीं थीं, फिर भी उन्होंने 3 लाख रुपए के माल पर 10 लाख रुपए की भारी-भरकम पेनाल्टी लगाने और गाड़ी जब्त करने की धमकी दी।
2 लाख से शुरू होकर 1.50 लाख में तय हुआ सौदा
कारोबारी के मुताबिक, मामले को रफा-दफा करने के लिए अधिकारी ने पहले 2 लाख रुपए की मांग की। बाद में सौदा 1.50 लाख रुपए में तय हुआ। इसमें से 50 हजार रुपए सरकारी पेनाल्टी के रूप में जमा करने और शेष रकम अधिकारी के घर जाकर देने की बात तय हुई थी।
नाली से बरामद हुए नोटों के बंडल
कारोबारी ने इसकी शिकायत जगदलपुर एसीबी से की। शिकायत के सत्यापन के बाद शनिवार को एसीबी की टीम ने जाल बिछाया। तय योजना के तहत कारोबारी रिश्वत की रकम लेकर अधिकारी अंचला गिरी के घर पहुंचा। जैसे ही टीम ने घर पर दबिश दी, कार्रवाई की भनक लगते ही अधिकारी के सहयोगी इमरान मेमन ने रिश्वत के रुपए घर के बाहर नाली में फेंक दिए।
दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी
एसीबी की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नाली से नोटों के बंडल बरामद किए और जीएसटी अधिकारी अंचला गिरी व उसके साथी इमरान मेमन को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।