सक्ती के मिरौनी प्राथमिक शाला के शिक्षक पर गंभीर आरोप

सक्ती के सरकारी स्कूल में मजा हड़कंप, शिक्षक पर लगा पढ़ाई में लापरवाही और छात्रा से कथित अनुचित व्यवहार का आरोप, DEO ने दिए जांच के आदेश
सक्ती – जिले की चंद्रपुर तहसील अंतर्गत ग्राम मिरौनी स्थित नवीन शासकीय प्राथमिक शाला में पदस्थ शिक्षक कैलाश पटेल की कार्यशैली और आचरण को लेकर ग्रामीणों तथा पालकों ने कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) से शिकायत की है। शिकायत में शिक्षक पर बच्चों को न पढ़ाने, स्कूल समय में मोबाइल में व्यस्त रहने और विद्यार्थियों से अभद्र व्यवहार करने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। वहीं, कक्षा 5वीं की एक छात्रा ने कॉपी चेक कराने के दौरान शिक्षक पर कथित रूप से गलत तरीके से छूने का आरोप लगाया है। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी कुमुदिनी बाघ द्विवेदी ने शीघ्र जांच कराकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
मामले में कक्षा 5वीं की पीड़ित छात्रा ने आरोप लगाया कि शिक्षक कैलाश पटेल पढ़ाई पर ध्यान नहीं देते और कॉपी चेक कराने जाने पर उसे कथित रूप से गलत तरीके से छूते हैं। हालांकि, छात्रा द्वारा लगाए गए इस आरोप की फिलहाल स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए ग्रामीण तथ्यात्मक जांच की मांग कर रहे हैं।
मोबाइल में व्यस्त रहने और रसोइया के बयान से खुलासे
विद्यालय की रसोइया चंद्राबाई चौहान के अनुसार, शिक्षक बच्चों को पढ़ाने के बजाय अधिकांश समय मोबाइल चलाने में व्यस्त रहते हैं। जब बच्चे उनसे पढ़ाने के लिए कहते हैं, तो उन्हें फटकार लगाई जाती है। इसके अलावा ग्रामीणों ने शिकायत में विद्यालय की स्वीपर महिला के साथ भी शिक्षक के कथित अनुचित व्यवहार पर आपत्ति जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षक के इस रवैये से स्कूल की अध्यापन व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है।
डोमनपुर स्कूल से भी शिकायत के बाद हुआ था तबादला
ग्रामीणों ने शिकायत पत्र में शिक्षक कैलाश पटेल की पूर्व पदस्थापना का भी उल्लेख किया है। ग्रामीणों का दावा है कि कैलाश पटेल पहले शासकीय प्राथमिक शाला डोमनपुर में पदस्थ थे। वहां भी उनके आचरण को लेकर ग्रामीणों ने शिकायत की थी, जिसके बाद उनका स्थानांतरण मिरौनी स्कूल किया गया था। पालकों ने मांग की है कि संबंधित पक्षों के बयान लेकर निष्पक्ष जांच की जाए और आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई हो।
जिला शिक्षा अधिकारी का बयान
इस पूरे मामले पर जिला शिक्षा अधिकारी कुमुदिनी बाघ द्विवेदी ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है। बच्चों के पालक और छात्रा स्वयं उपस्थित होकर शिकायत पत्र देकर गए हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि मामले की शीघ्र ही जांच कराई जाएगी और जांच के उपरांत यदि शिकायत सही पाई जाती है तो दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
