परीक्षा केंद्र में मात्र 3 मिनट की देरी पड़ी भारी, CGPSC सब इंस्पेक्टर परीक्षा से वंचित हुआ छात्र


सक्ती – छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) द्वारा आयोजित सब इंस्पेक्टर (SI) भर्ती परीक्षा के दौरान आज सक्ती जिले से एक मायूस कर देने वाली खबर सामने आई है। नियमों की कड़ाई के कारण साल भर से दिन-रात मेहनत कर रहे एक अभ्यर्थी को मात्र 3 मिनट की देरी की वजह से परीक्षा में बैठने नहीं दिया गया।
साल भर की तैयारी पर फिरा पानी
पीड़ित छात्र किशन कुमार पटेल ने बताया कि वे लंबे समय से इस परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। उनका परीक्षा केंद्र सक्ती के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में बनाया गया था। परीक्षा शुरू होने के निर्धारित समय से वे मात्र तीन मिनट की देरी से केंद्र पहुंचे थे। लेकिन परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार पर तैनात सुरक्षाकर्मियों और जिम्मेदार अधिकारियों ने नियमों का हवाला देते हुए उन्हें अंदर प्रवेश देने से साफ इनकार कर दिया।
“मैं साल भर से इस परीक्षा के लिए दिन-रात एक करके तैयारी कर रहा था। केंद्र पर पहुँचने में मुझसे मात्र तीन मिनट का विलंब हुआ, लेकिन प्रबंधन ने मेरी एक न सुनी और मुझे परीक्षा से वंचित कर दिया।”
— किशन कुमार पटेल, पीड़ित अभ्यर्थी
कड़े नियमों के आगे बेबस दिखा छात्र
छात्र ने केंद्र के बाहर मौजूद अधिकारियों से भीतर जाने देने के लिए काफी मिन्नतें कीं, लेकिन ‘गेट क्लोजिंग टाइम’ (प्रवेश बंद होने का समय) का नियम सख्त होने के कारण उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। इस घटना के बाद से अभ्यर्थी गहरे सदमे और मानसिक तनाव में है।
यह घटना उन सभी छात्र-छात्राओं के लिए एक सबक है जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। परीक्षा बोर्ड अक्सर नियमों में ढील नहीं देते, इसलिए अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से कम से कम आधे से एक घंटे पहले जरूर पहुंचें।




