अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिला स्तरीय आयोजन 21 जून को सामुदायिक भवन सक्ती में

सांसद लोकसभा क्षेत्र जांजगीर चांपा श्रीमती कमलेश जांगड़े होंगी मुख्य अतिथि, ‘‘स्वस्थ आयु के लिए योग’’ का दिया जाएगा संदेश

सक्ती – अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आगामी 21 जून 2026 को जिला मुख्यालय अंतर्गत जवाहर लाल नेहरू महाविद्यालय के पास सामुदायिक भवन सक्ती में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में सांसद लोकसभा क्षेत्र जांजगीर चांपा कमलेश जांगड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर योग के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करने के साथ साथ सामूहिक योगाभ्यास में सहभागिता करेंगी। राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में आयोजित होने वाले योग दिवस कार्यक्रमों के लिए मुख्य अतिथियों का नामांकन किया गया है। इसी क्रम में सक्ती जिले के कार्यक्रम हेतु सांसद कमलेश जांगड़े को नामित किया गया है।
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय योग कार्यक्रम की तैयारियां सुव्यवस्थित रूप से चल रही हैं। कलेक्टर द्वारा कार्यक्रम में बैठक व्यवस्था, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, साफ-सफाई, यातायात, सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कार्यक्रम में प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों द्वारा सामान्य योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया जाएगा। योग के माध्यम से स्वस्थ शरीर, संतुलित मन और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश दिया जाएगा। साथ ही नागरिकों को नियमित योग अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। जिला प्रशासन ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में सहभागी बनने की अपील की है। योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाकर स्वस्थ एवं सुखी जीवन की दिशा प्रदान करता है। भारत सरकार, आयुष मंत्रालय द्वारा गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स हेतु चलाई जा रही गतिविधि में राज्य की सक्रिय सहभागिता हेतु प्रत्येक आयोजन संस्था (शासकीय/निजी/अन्य) एवं व्यक्तिगत रूप से योग करने वाले व्यक्ति को आयुष विभाग के पोर्टल http://yoga.ayush.gov.in/yoga-sangam पर पंजीयन कर योगाभ्यास से संबंधित छायाचित्र पोर्टल पर अपलोड करने की अपील की गई है।




