ऑनलाइन पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति पंजीयन प्रारंभ, नवीनीकरण आवेदन 20 जून से और नवीन आवेदन 01 अगस्त से होंगे शुरू

सक्ती – आदिवासी विकास विभाग द्वारा संचालित पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन पंजीयन, स्वीकृति एवं वितरण की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है। सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, इंजीनियरिंग कॉलेजों, मेडिकल कॉलेजों, नर्सिंग कॉलेजों, आईटीआई तथा पॉलिटेक्निक संस्थानों में अध्ययनरत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के पात्र विद्यार्थियों को योजना का लाभ प्रदान किया जाएगा। आदिवासी विकास विभाग जिला सक्ती से प्राप्त जानकारी अनुसार सत्र 2026-27 के लिए नवीनीकरण आवेदन 20 जून 2026 से 30 दिसंबर 2026 तक तथा नवीन आवेदन 01 अगस्त 2026 से 30 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन किए जा सकेंगे। विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति की राशि उनके आधार से सीडेड बैंक खाते में भुगतान आदेश जारी होने के बाद 07 कार्य दिवस के भीतर प्राप्त होगी। विभाग ने सभी संस्था प्रमुखों, छात्रवृत्ति प्रभारियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित अंतिम तिथि के बाद पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के ऑनलाइन आवेदन हेतु पोर्टल बंद कर दिया जाएगा तथा ड्राफ्ट प्रपोजल लॉक एवं सैंक्शन ऑर्डर लॉक करने का अवसर भी उपलब्ध नहीं रहेगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयावधि में आवश्यक कार्यवाही पूर्ण नहीं होने के कारण यदि किसी संस्था के विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित रह जाते हैं, तो इसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित संस्था प्रमुख की होगी। विद्यार्थियों से समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की गई है।




