सक्ती

17 से 26 जून तक जिले में चलेगा नशा मुक्त भारत अभियान, विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम होंगे आयोजित

सक्ती – भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा संचालित नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिले में 17 जून से 26 जून 2026 तक व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना है।
      उपसंचालक समाज कल्याण विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार मादक पदार्थों की मांग में कमी लाने के लिए भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय कार्ययोजना (एनएपीडीडीआर ) लागू की गई है। इसी के तहत जिले में विभिन्न विभागों, जनपद पंचायतों, नगरीय निकायों तथा शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी। अभियान के दौरान सामूहिक शपथ, निबंध प्रतियोगिता, जागरूकता रैली, संगोष्ठी तथा ऑनलाइन एवं ऑफलाइन गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम “नशा मुक्त भारत अभियान – विकसित भारत की पहचान” थीम पर आधारित होंगे। इसके तहत 26 जून 2026 को अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा संकुल कॉलेजों, शैक्षणिक संस्थानों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर नशापान के दुष्प्रभावों से संबंधित विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही नागरिक नशा मुक्त भारत अभियान के क्यूआर कोड के माध्यम से ऑनलाइन शपथ लेकर नशामुक्ति का संकल्प ले सकेंगे तथा प्रमाण-पत्र भी प्राप्त कर सकेंगे।