सक्ती

सक्ती मे 4 साल की मासूम बच्ची से दुष्कर्म

14 वर्षीय नाबालिग आरोपी गिरफ्तार, बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया

सक्ती –  छत्तीसगढ़ के सक्ती जिला मुख्यालय स्थित सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र से एक बेहद चिंताजनक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक 4 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल 14 वर्षीय एक नाबालिग लड़के को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद बाल संप्रेक्षण गृह, कोरबा भेज दिया गया है।
सूनेपन का उठाया फायदा, परिचित ही निकला आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित बच्ची और आरोपी नाबालिग के परिवार एक ही समाज के हैं और उनके बीच गहरी जान-पहचान है। इस परिचय के कारण आरोपी का पीड़ित बच्ची के घर आना-जाना था। घटना के वक्त घर में सूनापन देखकर आरोपी ने मासूम बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाया और इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलने के बाद मासूम बच्ची के परिजनों ने तुरंत सक्ती सिटी कोतवाली थाने में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की, जिसमें आरोपी की पहचान 14 वर्षीय नाबालिग के रूप में हुई। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी नाबालिग बालक को कोरबा स्थित बाल संप्रेक्षण गृह (Observation Home) भेज दिया है।