सक्ती में रेलवे ट्रैक पर मिला क्षत-विक्षत शव:युवक का शरीर दो हिस्सों में बंटा, शिनाख्त नहीं; पुलिस जांच में जुटी

सक्ती – छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के बाराद्वार थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिला है। ट्रेन से कटने के कारण शव दो हिस्सों में बंटा हुआ था। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलने पर बाराद्वार पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव के आसपास की परिस्थितियों और साक्ष्यों का परीक्षण किया। शुरुआती जांच में यह मामला ट्रेन से कटने का लग रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से चलेगा। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। शव के पास से कोई ऐसा दस्तावेज या पहचान संबंधी सामग्री नहीं मिली, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। पहचान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की भी जांच कर रही है।
हर एंगल से हो रही जांच
घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और किसी भी संभावना को खारिज नहीं किया गया है। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टमके लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




