सक्ती

दादा की संपत्ति में पिता को मिले हिस्से पर पोते का जन्मसिद्ध अधिकार नहीं: सुप्रीम कोर्ट

सक्ती- सुप्रीम कोर्ट ने पैतृक संपत्ति के अधिकारों को लेकर एक अत्यंत महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए स्पष्ट किया है कि दादा की संपत्ति के बंटवारे में पिता को मिला हिस्सा उनकी ‘व्यक्तिगत संपत्ति’ माना जाता है। शीर्ष अदालत ने कहा कि पिता के जीवित रहते पोता न तो इस संपत्ति की बिक्री पर रोक लगा सकता है और न ही जन्मसिद्ध अधिकार के तहत इसमें अपना आधा हिस्सा मांग सकता है।
जस्टिस ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह और जस्टिस सुनीता अग्रवाल की पीठ ने तमिलनाडु के ‘जे. राजेश बनाम एम. कुमारन’ मामले में यह फैसला सुनाया है। पीठ ने हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम, 1956 की धारा 8 की व्याख्या करते हुए कहा कि यदि दादा की मृत्यु बिना वसीयत किए होती है और उनकी संपत्ति का बंटवारा प्रथम श्रेणी (क्लास-1) के वारिसों के बीच होता है, तो पिता को मिला हिस्सा संयुक्त हिंदू परिवार (HUF) की संपत्ति नहीं रह जाता।
पिता को संपत्ति बेचने या दान करने का पूरा अधिकार
अदालत ने अपने निर्णय में साफ किया कि ऐसी स्थिति में पिता उस संपत्ति के स्वतंत्र मालिक होते हैं, न कि परिवार के ‘कर्ता’ के रूप में उसके संरक्षक। इसका सीधा अर्थ यह है कि पिता अपनी इस संपत्ति को अपनी इच्छा से बेचने, दान करने या किसी अन्य व्यक्ति को हस्तांतरित करने के लिए पूरी तरह स्वतंत्र हैं। उनका बेटा (पोता) पिता के जीवित रहते इस पर कोई कानूनी दावा नहीं ठोक सकता। उच्च न्यायालय अधिवक्ता चितरंजय ने इस फैसले पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह निर्णय संपत्ति विवादों में स्थिति को पूरी तरह स्पष्ट करता है।
क्या है धारा 8 और प्रथम श्रेणी के वारिसों का नियम?
हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम, 1956 की धारा 8 के तहत प्रथम श्रेणी के वारिसों में मृतक की पत्नी, बेटा और बेटी शामिल होते हैं। जब दादा की मृत्यु के बाद संपत्ति इन वारिसों में बंटती है, तो पिता के जीवित रहते पोता दादा की संपत्ति का सीधा वारिस नहीं होता। हालांकि, एक अपवाद यह है कि यदि पिता की मृत्यु दादा से पहले हो जाए, तो पोता अपने मृत पिता के हिस्से का प्रथम श्रेणी का सीधा वारिस बन जाता है।
कब लागू होता है जन्मसिद्ध अधिकार?
सुप्रीम कोर्ट ने धारा 6 और धारा 8 के अंतर को स्पष्ट करते हुए कहा कि यदि संपत्ति का बंटवारा नहीं हुआ है और वह चार पीढ़ियों से अविभाजित पैतृक संपत्ति (धारा 6) के रूप में चली आ रही है, तो पोते का उसमें जन्म से सहदायिकी (कोपार्सनरी) अधिकार बना रह सकता है। लेकिन एक बार धारा 8 के तहत बंटवारा होकर पिता को हिस्सा मिल जाने के बाद संपत्ति का स्वरूप बदल जाता है और पोते का जन्मसिद्ध अधिकार समाप्त हो जाता है।
क्या था पूरा विवाद?
• 1994 में बंटवारा: यह मामला चेन्नई की 1,811 वर्ग फुट जमीन से जुड़ा था, जो याचिकाकर्ता जे. राजेश के दादा की थी। साल 1994 में हुए पारिवारिक बंटवारे के तहत यह जमीन राजेश के पिता के हिस्से में आई थी।
• 1997 में बिक्री और मुकदमा: पिता ने साल 1997 में यह जमीन बेच दी। उस समय नाबालिग रहे राजेश ने अपनी मां के माध्यम से यह कहते हुए मुकदमा दायर किया कि यह पैतृक संपत्ति है और जन्म से इसमें उनका आधा हिस्सा बनता है।
• सुप्रीम कोर्ट की मुहर: निचली अपीलीय अदालत और मद्रास हाईकोर्ट ने राजेश के दावे को खारिज कर दिया था। अब सुप्रीम कोर्ट ने भी पुराने फैसलों को बरकरार रखते हुए कहा कि 1956 के कानून के बाद ऐसे मामलों में पुराने व्यक्तिगत कानूनों का जन्मसिद्ध अधिकार लागू नहीं होता।