सक्ती

सक्ती में 24 नवंबर को धूमधाम से मनाया जाएगा श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व, निकलेगी भव्य शोभायात्रा

पूज्य सिंधी पंचायत एवं सिख समाज के संयुक्त तत्वावधान में होगा आयोजन, समाज के व्यापारियों ने प्रतिष्ठान बंद रखने का लिया निर्णय

सक्ती में 24 नवंबर को धूमधाम से मनाया जाएगा श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व, निकलेगी भव्य शोभायात्रा kshititech

सक्ती – जिला मुख्यालय सक्ती में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी सिख धर्म के प्रथम गुरु, श्री गुरु नानक देव जी की जयंती (प्रकाश पर्व) 24 नवंबर को अत्यंत हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाई जाएगी। पूज्य सिंधी पंचायत एवं सिख समाज द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस पावन पर्व को भव्य रूप देने के लिए तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस अवसर पर नगर में दिनभर विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बाइक रैली से होगी उत्सव की शुरुआत, दोपहर में अटूट लंगर
शोभायात्रा के अध्यक्ष सुरेश कृपलानी ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि 24 नवंबर को उत्सव की शुरुआत सुबह युवाओं द्वारा निकाली जाने वाली भव्य बाइक रैली से होगी, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। इसके पश्चात दोपहर में गुरुद्वारा साहिब में विशेष अरदास व आरती का आयोजन होगा। अरदास के उपरांत सभी श्रद्धालुओं के लिए विशाल अटूट लंगर (प्रसादी) वितरित किया जाएगा।
पंज प्यारों की अगुवाई में निकलेगी भव्य शोभायात्रा
कार्यक्रम की अगली कड़ी में संध्या के समय श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की छत्रछाया में भव्य नगर कीर्तन (शोभायात्रा) निकाला जाएगा, जो पूरे शहर का भ्रमण करेगा। शोभायात्रा में पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित ‘पंज प्यारे’ मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगे, वहीं श्रद्धालु शबद-कीर्तन करते हुए साथ चलेंगे।
समाज के प्रतिष्ठान रहेंगे बंद
प्रकाश पर्व के प्रति अपनी अगाध श्रद्धा और सम्मान प्रकट करते हुए 24 नवंबर को नगर के सिख एवं सिंधी समाज के व्यापारियों ने स्वेच्छा से अपने-अपने व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रखने का निर्णय लिया है, ताकि समाज का प्रत्येक व्यक्ति सपरिवार इन धार्मिक आयोजनों में सहभागिता निभा सके। आयोजन समिति एवं समाज के पदाधिकारियों ने नगर के सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।