घर से लापता हुई 26 वर्षीय विवाहिता, पति ने जताई अपहरण की आशंका; पुलिस ने दर्ज किया मामला

सक्ती – जिले के बाराद्वार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लवसरा से एक 26 वर्षीय विवाहिता के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। महिला के पति ने अज्ञात व्यक्ति द्वारा पत्नी का अपहरण किए जाने की आशंका जताते हुए थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम लवसरा निवासी राजेश कुमार कुर्रे (32 वर्ष) ने बाराद्वार थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि उनकी 26 वर्षीय पत्नी नीता 18 नवंबर 2026 की तड़के घर से बिना बताए कहीं चली गई। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। लापता महिला अपने साथ मोबाइल फोन भी ले गई है।
शिकायतकर्ता ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी को बहला-फुसलाकर या अपहरण कर ले जाने का संदेह व्यक्त किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बाराद्वार पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। सहायक उप-निरीक्षक यशवंत राठौर द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
