जमीन विवाद में महिला और बेटी से मारपीट, भतीजे के खिलाफ मामला दर्ज

सक्ती – डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम गाडापाली में पुश्तैनी कब्जे की शासकीय भूमि को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति द्वारा अपनी चाची और चचेरी बहन के साथ गाली-गलौच, धक्का-मुक्की और मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला
ग्राम गाडापाली निवासी किसान राम लाल महंत (पिता स्व. साधूदास महंत) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि गांव में उनके पिता के कब्जे की शासकीय भूमि थी, जिसे उन्होंने और उनके बड़े भाई रामदास महंत ने दो हिस्सों में बांट लिया था। शिकायतकर्ता के अनुसार, वर्ष 2017 में जब वे काम के सिलसिले में जम्मू-कश्मीर गए थे, तब उनके बड़े भाई रामदास महंत ने उनके हिस्से की जमीन का पट्टा भी अपने नाम पर बनवा लिया।
कब्जा करने से रोकने पर की मारपीट
रिपोर्ट के मुताबिक, विवादित जमीन पर कब्जा करने की नीयत से आरोपी प्रितम दास महंत (पिता रामदास महंत) सुबह वहां पहुंचा और जमीन को अपने पिता के नाम का पट्टा बताते हुए कब्जा करने लगा। जब राम लाल महंत की पत्नी गुरूवारी बाई, बेटी उषा बाई महंत और जमुना बाई यादव ने उसे ऐसा करने से मना किया, तो आरोपी भड़क गया। आरोप है कि प्रितम दास ने गुरूवारी बाई और उषा बाई के साथ गाली-गलौच करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी और धक्का-मुक्की व मारपीट की, जिससे दोनों मां-बेटी को चोटें आई हैं।
पुलिस की कार्रवाई
प्रार्थी राम लाल महंत की मौखिक रिपोर्ट पर डभरा पुलिस ने आरोपी प्रितम दास महंत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296 और 351(3) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
