सक्ती

सोने में मिलाया जा रहा चीन का ‘रेनियम पाउडर’, हॉलमार्किंग सिस्टम पर उठे गंभीर सवाल

मिलावट के बावजूद जांच मशीनों में पास हो रहा सोना; 20 कैरेट के आभूषणों पर लग रही 22 और 24 कैरेट की मुहर

सक्ती –  देश के सर्राफा बाजार में सोने की शुद्धता से जुड़ा एक चौंकाने वाला नया घोटाला सामने आया है। मुनाफाखोरी के लिए अब सोने में चीन से मंगाए जा रहे ‘रेनियम पाउडर’ की मिलावट की जा रही है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि यह पाउडर न केवल सोने का वजन बढ़ा देता है, बल्कि सामान्य जांच मशीनें और हॉलमार्किंग सेंटर भी इसे पकड़ने में पूरी तरह विफल साबित हो रहे हैं। मिलावट के बावजूद ऐसा सोना 24 कैरेट की शुद्धता जांच में भी आसानी से पास हो रहा है।
कैसे चल रहा है मिलावट का यह पूरा खेल?
एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, चीन के शेनझेन स्थित एक एजेंट ने दावा किया है कि उसकी कंपनी रेनियम पाउडर तैयार करती है और भारत के कई प्रमुख शहरों में इसके डीलर सक्रिय हैं। जांच में सामने आया कि 7.83 ग्राम 24 कैरेट शुद्ध सोने में 1 ग्राम रेनियम पाउडर मिलाया गया। इससे सोने का कुल वजन बढ़कर 8.83 ग्राम हो गया और सामान्य परीक्षण में इस पूरे मिश्रण को 24 कैरेट शुद्ध सोना मान लिया गया। इसके बाद ज्वेलर ने इसमें एक अन्य धातु मिलाकर 22 कैरेट के आभूषण तैयार किए, जिसे हॉलमार्किंग केंद्र से 22 कैरेट का प्रमाण पत्र भी मिल गया। हालांकि, गहन जांच में पता चला कि आभूषण में वास्तविक सोने की मात्रा केवल 81.73 प्रतिशत ही थी, जो कि करीब 20 कैरेट शुद्धता के बराबर है। यह मिलावटी आभूषण कई बड़े शोरूम और जांच केंद्रों की कसौटी पर भी खरा उतर गया।
हॉलमार्किंग व्यवस्था और निगरानी पर सवाल
इस खुलासे ने देश की हॉलमार्किंग व्यवस्था की पोल खोल दी है। नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की एक ड्राफ्ट रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2024-25 में देश के 81 प्रतिशत पंजीकृत ज्वैलर्स का कोई निरीक्षण ही नहीं किया गया। निगरानी की इसी कमी का फायदा उठाकर बाजार में नकली और मिलावटी सोने का कारोबार पैर पसार रहा है।
बचाव के लिए क्या करें ग्राहक?
विशेषज्ञों का मानना है कि रेनियम जैसी धातुओं की मिलावट को पकड़ने के लिए सामान्य मशीनों के बजाय उन्नत एक्सआरएफ जांच और इलेक्ट्रॉन माइक्रोस्कोपी जैसी आधुनिक तकनीकों की सख्त जरूरत है। विशेषज्ञों ने आम ग्राहकों को सतर्क रहने की सलाह दी है:
• सोना हमेशा प्रतिष्ठित और विश्वसनीय शोरूम से ही खरीदें।
• आभूषणों पर बीआईएस  हॉलमार्क और एचयूआईडी नंबर की जांच जरूर करें।
• खरीदारी के समय पक्का बिल और जीएसटी इनवाइस अनिवार्य रूप से लें और उसे सुरक्षित रखें।