सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन करते एक व्यक्ति गिरफ्तार, आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई

सक्ती – सक्ती थाना पुलिस ने बुधवार शाम को सार्वजनिक स्थान पर बैठकर शराब पीने के मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर 2026 को सहायक उप निरीक्षक नीलमणि कुसुम अपनी टीम के साथ इलाके में गश्त और अपराध पतासाजी पर निकली थीं। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि शनि मंदिर, गनेशबन तालाब के किनारे स्थित गार्डन (आम जगह) में एक व्यक्ति शराब पी रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर दबिश दी। वहां एक व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन करता पाया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बोधराम सतनामी (उम्र 45 वर्ष), पिता स्व. कन्हैया लाल सतनामी, निवासी चारपारा धवाईभांठा (थाना सक्ती) बताया। पुलिस ने मौके से आरोपी के कब्जे से एक सीलबंद 180 एमएल देशी प्लेन शराब की शीशी, एक अन्य शीशी में भरी लगभग 90 एमएल शराब (कुल कीमत 120 रुपये), एक खाली शराब की शीशी, तीन डिस्पोजल गिलास और तीन पानी पाउच जप्त किए हैं। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। चूंकि मामला जमानतीय है, इसलिए पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया।
