लकड़ियां ले जाने से मना करने पर महिला की चप्पल से पिटाई, जान से मारने की दी धमकी; आरोपी पर केस दर्ज

सक्ती – जैजैपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कांशीगढ़ में घर के बाहर रखी लकड़ियां ले जाने से मना करने पर एक महिला के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कांशीगढ़ (टांडापारा) निवासी कुरैशा बेगम (पति अहमद खान) बुधवार, 18 नवंबर 2026 की शाम अपने घर पर थीं। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला निखिल चन्द्रा (पिता नरेन्द्र कुमार चन्द्रा) अपने दो अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचा और पीड़िता के घर के पास रखी लकड़ियों को बिना पूछे ले जाने लगा।
जब कुरैशा बेगम ने उन्हें लकड़ियां ले जाने से मना किया, तो निखिल चन्द्रा के दोनों साथी मौके से भाग निकले। वहीं, आरोपी निखिल चन्द्रा ने घर के सामने गली में महिला के साथ अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने अपने हाथ की चप्पल से महिला के सिर पर 5-6 बार हमला कर दिया, जिससे उनके सिर और गले के नीचे चोटें आई हैं।
शोर-शराबा सुनकर पीड़िता के पति अहमद खान और बेटे रेहान खान मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर महिला को बचाया। घटना के बाद पीड़िता ने जैजैपुर थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई।
जैजैपुर पुलिस ने आरोपी निखिल चन्द्रा के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296 और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।
