सक्ती

आपसी रंजिश में काका ससुर और बेटों ने की युवक की लाठी-डंडों से पिटाई, मामला दर्ज

सक्ती –  सक्ती थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघनसरा (बैकुंठपारा) में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर उसके ही रिश्तेदारों द्वारा लाठी-डंडों से हमला करने का मामला सामने आया है। मारपीट में युवक के हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं, जिससे वह चलने-फिरने में असमर्थ हो गया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर तीन आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला
ग्राम सिंघनसरा बैकुंठपारा निवासी धनबाई दिव्य (42 वर्ष) ने सक्ती थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 18 नवंबर 2026 की शाम उनके पति शत्रुघ्न दिव्य खाना खाकर घर के सामने खड़े थे। इसी दौरान आपसी रंजिश के चलते उनके काका ससुर बोधन दिव्य (58 वर्ष) और उनके दो बेटे मनीष (35 वर्ष) व हरगोविंद (30 वर्ष) एक राय होकर वहां पहुंचे।
जान से मारने की धमकी देकर की मारपीट
आरोपियों ने शत्रुघ्न के साथ गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी और लाठी-डंडों से उनके हाथ-पैर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। शोर सुनकर जब धनबाई बाहर निकलीं, तो आरोपियों ने उनके साथ भी गाली-गलौच की। इस घटना को पीड़िता, उनकी बेटी रोशनी और आसपास के लोगों ने देखा-सुना है।
डायल 112 की मदद से पहुंचाया गया अस्पताल
विवाद बढ़ता देख धनबाई ने तत्काल डायल 112 पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी। मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम ने घायल शत्रुघ्न को सक्ती अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
पुलिस की कार्रवाई
पति के उपचार के बाद धनबाई ने सक्ती थाने पहुंचकर घटना की मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई। सक्ती पुलिस ने आरोपी बोधन दिव्य, मनीष और हरगोविंद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 351(3) और 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच में लिया है।