सक्ती

जिला चिकित्सालय सक्ती में डायलिसिस सेवा से मरीजों को बड़ी राहत, अब तक 899 डायलिसिस सत्र पूर्ण

जिला चिकित्सालय सक्ती में डायलिसिस सेवा से मरीजों को बड़ी राहत, अब तक 899 डायलिसिस सत्र पूर्ण kshititech

सक्ती – जिला चिकित्सालय सक्ती में संचालित डायलिसिस यूनिट के माध्यम से जिले के किडनी रोग से पीड़ित मरीजों को बेहतर एवं निःशुल्क उपचार सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। डायलिसिस सेवा प्रारंभ होने के बाद से अब तक कुल 36 मरीजों को इस सुविधा का लाभ मिल चुका है, जिसमें वर्तमान में 11 मरीज सक्रिय रूप से डायलिसिस सेवा प्राप्त कर रहे हैं।

जिला चिकित्सालय सक्ती में डायलिसिस सेवा का शुभारंभ दिनांक 01 अक्टूबर 2025 को किया गया था। 01 अक्टूबर 2025 से 14 नवंबर 2026 तक कुल 899 डायलिसिस सत्र सफलतापूर्वक पूर्ण किए जा चुके हैं। यह उपलब्धि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

डायलिसिस सुविधा उपलब्ध होने से किडनी रोग से पीड़ित मरीजों को अब उपचार के लिए दूरस्थ शहरों में जाने की आवश्यकता कम हुई है। इससे मरीजों एवं उनके परिजनों को समय, आर्थिक खर्च तथा आवागमन की परेशानी से राहत मिल रही है। जिला चिकित्सालय में ही नियमित डायलिसिस सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों को अपने जिले में बेहतर उपचार प्राप्त हो रहा है।

डायलिसिस यूनिट में मरीजों के उपचार के दौरान स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण एवं चिकित्सकीय सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाता है। चिकित्सकीय टीम द्वारा मरीजों की नियमित निगरानी करते हुए निर्धारित समय पर डायलिसिस सत्र संचालित किए जा रहे हैं।

जिला सक्ती में डायलिसिस सेवा का निरंतर संचालन स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने तथा जरूरतमंद मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

स्वास्थ्य विभाग, जिला सक्ती (छ.ग.)