सक्ती

ईमानदारी की मिसाल: सक्ती में सफाई कर्मचारी पुष्पा बाई को सड़क पर मिला मोबाइल

नगर पालिका अध्यक्ष के जरिए असली मालिक को लौटाया

ईमानदारी की मिसाल: सक्ती में सफाई कर्मचारी पुष्पा बाई को सड़क पर मिला मोबाइल kshititech

सक्ती –  आज के इस दौर में जहां लोग छोटी-छोटी चीजों के लिए लालच में पड़ जाते हैं, वहीं नगर पालिका सक्ती की एक महिला सफाई कर्मचारी ने ईमानदारी और इंसानियत की ऐसी बेमिसाल नजीर पेश की है, जिसकी पूरे नगर में जमकर सराहना हो रही है। पालिका की सजग कर्मचारी पुष्पा बाई सोना ने सड़क पर पड़े मिले एक कीमती एंड्रॉयड मोबाइल फोन को उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाकर यह साबित कर दिया है कि ईमानदारी आज भी समाज में जिंदा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर पालिका सक्ती में कार्यरत महिला सफाई कर्मचारी पुष्पा बाई सोना रोजाना की तरह नगर के राजा महल के सामने, श्री अनुराग कपड़ा दुकान के पास सड़क पर झाड़ू लगा रही थीं। सफाई कार्य के दौरान ही उनकी नजर सड़क पर गिरे एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन पर पड़ी। पुष्पा बाई ने बिना किसी लालच के, पूरी कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए उस मोबाइल फोन को तत्काल अपने पास सुरक्षित रख लिया।
इसके बाद वे सीधे नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल के पास पहुंचीं और मोबाइल उनके सुपुर्द करते हुए कहा, “भैया, झाड़ू लगाते समय यह मोबाइल मुझे सड़क पर पड़ा हुआ मिला है, इसे इसके असली मालिक तक पहुंचा दीजिए।”
एक सफाई कर्मचारी की इस अद्भुत नेकदिली से नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल बेहद प्रभावित हुए। उन्होंने पुष्पा बाई की इस ईमानदारी की सराहना करते हुए तत्काल मोबाइल के वास्तविक धारक (मालिक) का पता लगाया। उचित तस्दीक के बाद पालिका अध्यक्ष द्वारा वह मोबाइल फोन उसके मूल मालिक को सुरक्षित सौंप दिया गया। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर मोबाइल धारक के चेहरे पर खुशी लौट आई और उन्होंने पुष्पा बाई व पालिका अध्यक्ष का सहृदय आभार व्यक्त किया।
नगर में पुष्पा बाई की खूब प्रशंसा:
सफाई जैसे कड़े परिश्रम वाले कार्य से जुड़ीं पुष्पा बाई सोना द्वारा अपनी जिम्मेदारी और ईमानदारी का ऐसा परिचय देना निश्चित रूप से समाज के लिए प्रेरणादायी है। दूसरों की अमानत को सुरक्षित उसके मालिक तक पहुंचाकर उन्होंने समाज के सामने एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। इस घटना की जानकारी जैसे ही नगरवासियों को मिली, हर कोई पुष्पा बाई की नेकदिली और उनके उच्च संस्कारों की खूब प्रशंसा कर रहा है।