सक्ती

सक्ती में आबकारी विभाग की कार्रवाई – दीपावली से पहले 1650 किलो महुआ लाहन और 119 लीटर अवैध शराब जब्त

सक्ती में आबकारी विभाग की कार्रवाई - दीपावली से पहले 1650 किलो महुआ लाहन और 119 लीटर अवैध शराब जब्त kshititech

सक्ती –  दीपावली त्योहार के मद्देनजर जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन और विक्रय पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिला कलेक्टर सक्ती और जिला आबकारी अधिकारी के कड़े दिशा-निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए विभाग ने सक्ती के वार्ड नंबर 1 में भारी मात्रा में अवैध महुआ लाहन और तैयार शराब जब्त की है।
विभागीय जानकारी के अनुसार, त्योहार से पूर्व अवैध शराब बनाने वाले संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर आबकारी विभाग को लगातार मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए थे। इसी कड़ी में दिनांक 7 नवंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर आबकारी टीम ने वार्ड नंबर 1 स्थित छोटी नहर के पास दबिश दी।
इस छापेमारी के दौरान मौके से भारी मात्रा में अवैध सामग्री बरामद की गई, जिसमें:
महुआ लाहन: 40 बोरी और 15 प्लास्टिक डिब्बे (प्रत्येक में 30 किलो) कुल 1650 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त कर नष्ट किया गया।
महुआ मदिरा: 7 प्लास्टिक जरिकेन (प्रत्येक में 5 लीटर) और 42 प्लास्टिक बोतलें (प्रत्येक में 2 लीटर) कुल 119 लीटर तैयार शराब मौके पर बरामद की गई।
कार्रवाई के दौरान आबकारी विभाग ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत गैर-जमानती अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में ले लिया है। फिलहाल फरार आरोपियों की तलाश सरगर्मी से की जा रही है।