सक्ती

सक्ती में कैप्सूल वाहन से कुचलकर युवक की मौत

मालखरौदा घोघरी में हुआ हादसा, गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम की; जर्जर सड़क को बताया वजह

सक्ती में कैप्सूल वाहन से कुचलकर युवक की मौत kshititech

सक्ती – सक्ती जिले के मालखरौदा घोघरी गांव में शुक्रवार शाम करीब 7 बजे सड़क हादसे में 30 साल के युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने सड़क की खराब हालत को हादसे की वजह बताते हुए अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जताई। मामला डभरा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, घोघरी निवासी हेतराम सिदार (30) आरा मशीन में काम खत्म करने के बाद सड़क पर आया था। इसी दौरान छपोरा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे कैप्सूल वाहन CG 07 CM 6140 ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक वाहन के नीचे दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों का कहना है कि घटनास्थल की सड़क लंबे समय से खराब है। सड़क की हालत सुधारने के लिए पहले भी अधिकारियों से शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। युवक की मौत से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। इससे वाहनों की आवाजाही रुक गई। सूचना मिलने पर डभरा पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की। वाहन के नीचे दबे शव को निकालने के लिए जेसीबी की मदद ली गई। देर रात तक शव निकालने का काम जारी रहा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वाहन चालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है।