सक्ती

कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने आदिवासी विकास विभाग की समीक्षा बैठक लेकर छात्रावास-आश्रमों की व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश

कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने आदिवासी विकास विभाग की समीक्षा बैठक लेकर छात्रावास-आश्रमों की व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश kshititech

सक्ती – कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने जिले के आदिवासी विकास विभाग की समीक्षा बैठक लेकर छात्रावास एवं आश्रमों में विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने कहा कि छात्रावास-आश्रमों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था के साथ बच्चों में व्यक्तिगत स्वच्छता की आदत विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जाए। विद्यार्थियों को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध हो तथा उन्हें प्रदान की जाने वाली स्वच्छता सामग्री का समय-सीमा में वितरण सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने मेस संचालन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मेस नायक की भूमिका एवं जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से निर्धारित करने के निर्देश दिए, ताकि भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता बेहतर बनी रहे। उन्होंने कहा कि छात्रावासों में नोडल अधिकारियों द्वारा दिए गए सुधार संबंधी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करते हुए पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए। छात्रावासों से संबंधित सभी अभिलेखों को निर्धारित समय-सीमा में अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर श्रीमती जैन ने छात्रावास-आश्रमों की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी के लिए निगरानी समिति एवं पालकों की बैठक प्रत्येक माह आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन मरम्मत कार्यों में सरपंच एजेंसी के रूप में कार्य कर रहे हैं, वहां संबंधित अधिकारियों द्वारा सरपंच से समन्वय कर कार्यों की गुणवत्ता की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, ताकि मरम्मत कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर ढंग से पूर्ण हो सकें। उन्होंने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण एवं नेत्र परीक्षण कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि कम उम्र में बच्चों को चश्मा लगाने की समस्या बढ़ रही है, इसलिए विद्यार्थियों की नियमित आंखों की जांच कराते हुए उन्हें नेत्र स्वास्थ्य एवं आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक किया जाए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री बालेश्वर राम, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।