सक्ती

जिला स्तरीय राज्योत्सव 2 नवंबर को, कलेक्टर जैन ने ली तैयारियों की बैठक

सक्ती – कलेक्टर जयश्री जैन ने बुधवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय में 2 नवंबर को एक दिवसीय जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर ने इसके लिए मंच, टेंट, बैठक व्यवस्था, विद्युत, पेयजल, विभागीय प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने 1 से 3 नवंबर तक शासकीय भवनों पर आकर्षक रोशनी करने और निजी संस्थाओं को भी इसके लिए प्रोत्साहित करने को कहा। बैठक में कलेक्टर ने पारस पोर्टल पर योजनाओं की प्रगति अपडेट करने, सीएम हेल्पलाइन 1076, सेवा सेतु ऐप, जनदर्शन और जनचौपाल के लंबित आवेदनों का समय पर निराकरण करने के निर्देश दिए। सिंचाई विभाग को अंतिम छोर की नहरों तक पानी पहुंचाने, राजस्व विभाग को नामांतरण, बटांकन, सीमांकन और जाति प्रमाण पत्र के कार्य में तेजी लाने तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत, खाद्य, पीडब्ल्यूडी, पंचायत सहित सभी विभागों को लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। पीएम सूर्यघर योजना, जल जीवन मिशन, ई-ऑफिस, पीवी ऐप सर्वे और एचपीवी वैक्सीनेशन की भी समीक्षा की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ वासु जैन, अपर कलेक्टर बीरेंद्र लकड़ा, के.एस. पैकरा, डिप्टी कलेक्टर प्रीतेश राजपूत सहित सभी विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण-2027 : राजनीतिक दलों के साथ हुई बैठक, ये रही महत्वपूर्ण तिथियां
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय रायपुर में 21 अक्टूबर को मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2027 को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक हुई। इसमें मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार, अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी भोसकर विलास संदिपान और संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी पी.एस. ध्रुव मौजूद रहे।बैठक में भाजपा से विजय शंकर मिश्रा, कांग्रेस से देवा देवांगन, आप से नरेंद्र ठाकुर, बसपा से सूरज तांडी और माकपा से धर्मराज महापात्र सहित मान्यता प्राप्त दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए।मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार मतदान केंद्रों का युक्तिकरण 2 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 12 नवंबर को होगा। दावे-आपत्ति 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक लिए जाएंगे, जिनका निराकरण 28 दिसंबर तक होगा और अंतिम सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा।इस दौरान 18 वर्ष पूरे कर चुके नागरिक फॉर्म-6 भरकर नाम जुड़वा सकते हैं। 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2027 को 18 वर्ष पूरे करने वाले युवा भी अग्रिम आवेदन कर सकेंगे। आवेदन voters.eci.gov.in पोर्टल और ECINET ऐप से ऑनलाइन तथा बीएलओ के पास ऑफलाइन जमा किया जा सकता है। सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 जारी किया गया है।