रक्षित केंद्र सक्ती में विधि-विधान से हुई शस्त्र पूजा, कलेक्टर और एसपी ने जिले की सुख-समृद्धि के लिए की मंगलकामना






सक्ती – विजयादशमी के पावन अवसर पर रक्षित केंद्र सक्ती में वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों द्वारा विधि-विधान से पारंपरिक शस्त्र पूजा की गई। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन और पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने पूजा-अर्चना कर जिले में सुख, समृद्धि, शांति और नागरिकों की सुरक्षा के लिए मंगलकामना की।
कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा का दोहराया संकल्प
बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत के प्रतीक दशहरा पर्व पर आयोजित इस पूजा में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्रीमती भुवनेश्वरी पैकरा भी शामिल हुईं। अधिकारियों ने शस्त्रों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए समाज में शांति, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और कर्तव्यनिष्ठा के संकल्प को दोहराया।
जिलेवासियों को दीं शुभकामनाएं
कलेक्टर और एसपी ने समस्त जिलेवासियों को विजयादशमी की बधाई देते हुए आपसी सद्भाव, भाईचारा और प्रेम बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस बल के लिए यह अवसर आम नागरिकों की सुरक्षा और धर्म की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत करने का प्रतीक है।
