सक्ती

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार, डभरा पुलिस ने भेजा जेल

पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज; कोटमी निवासी आरोपी दीपक चौहान घटना के बाद से था फरार, कोर्ट ने 28 अक्टूबर तक भेजा न्यायिक रिमांड पर

सक्ती –  जिला पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन और आला अधिकारियों के मार्गदर्शन में डभरा थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले फरार आरोपी दीपक कुमार चौहान को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने थाना उपस्थित आकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी ने शादी करने का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया है। पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना डभरा में अपराध क्रमांक 347/2026, धारा 376(2)(m) भादवि और 4, 6 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया था।
विवेचना के दौरान पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर वैधानिक कार्रवाई पूरी की। इस मामले का आरोपी दीपक कुमार चौहान (25 वर्ष), पिता रत्थु लाल चौहान, निवासी कोटमी (थाना डभरा), वारदात के बाद से लगातार फरार चल रहा था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डभरा में आरोपी का मुलाहिजा कराने और उसके खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को दे दी है। आरोपी को माननीय जेएमएफसी न्यायालय डभरा के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से न्यायालय ने उसे 28 अक्टूबर 2026 तक के लिए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इस पूरी कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल के मार्गदर्शन और चंद्रपुर/डभरा के अनुविभागीय अधिकारी सुमित गुप्ता के कुशल नेतृत्व में डभरा पुलिस की अहम भूमिका रही।