सक्ती

सक्ती में 90 लाख की ऑनलाइन ठगी का खुलासा, सोना नवनीकरण के नाम पर परिवार से ठगे लाखों; महिला समेत 3 आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

यूपीआई, एनईएफटी, आरटीजीएस और आईएमपीएस से खातों में ट्रांसफर कराई गई रकम, संगठित गिरोह का पुलिस ने किया पर्दाफाश

सक्ती –  जिले की बाराद्वार पुलिस ने 90 लाख 28 हजार 500 रुपये की बड़ी ऑनलाइन धोखाधड़ी का खुलासा करते हुए महज 24 घंटे के भीतर एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने सोना नवनीकरण (गोल्ड रिन्यूअल) और ऋण अवधि बढ़ाने का झांसा देकर एक ही परिवार से 1 करोड़ के करीब रकम विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर करा ली थी। पुलिस के अनुसार, ग्राम जेठा निवासी मूलचंद राठौर ने थाना बाराद्वार में शिकायत दर्ज कराई कि पेण्ड्रा निवासी रेखा राठौर, पुष्पांजली राठौर, अफरोज खान और बिलासपुर निवासी सुभाष कुमार साहू ने सुनियोजित तरीके से उन्हें सोना नवनीकरण और ऋण अवधि बढ़ाने का लालच दिया। झांसे में लेकर मूलचंद राठौर, उनकी पत्नी फुलबाई राठौर तथा दोनों पुत्रों के बैंक खातों से यूपीआई, एनईएफटी, आरटीजीएस और आईएमपीएस के माध्यम से कुल 90 लाख 28 हजार 500 रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए। शिकायत के आधार पर थाना बाराद्वार में अपराध क्रमांक 282/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 61(2) एवं 112 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, एसडीओपी भुनेश्वरी पैंकरा तथा थाना प्रभारी नरेन्द्र यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार दबिश देकर 24 घंटे के भीतर रेखा राठौर, अफरोज खान और सुभाष कुमार साहू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अधिक पैसा कमाने के उद्देश्य से संगठित गिरोह बनाकर 31 अक्टूबर 2025 से 5 अगस्त 2026 के बीच पीड़ित परिवार को झांसे में लेकर अलग-अलग बैंक खातों से करीब 90.28 लाख रुपये की ठगी की। पुलिस के अनुसार, मामले में एक अन्य आरोपी पुष्पांजली राठौर की तलाश जारी है। आरोपियों के बैंक खातों में ट्रांजेक्शन और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है, जिससे इस गिरोह के अन्य सदस्यों और संभावित पीड़ितों की जानकारी मिल सके।