मालखरौदा पुलिस की कार्रवाई: सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते एक आरोपी गिरफ्तार

सक्ती – जिले की मालखरौदा पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने के मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर 2026 को मालखरौदा थाने के प्रधान आरक्षक बिरीछ राम सांडे (क्रमांक 38) अपने स्टाफ के साथ गश्त और अपराध पतासाजी के लिए ग्राम छोटे सीपत की ओर रवाना हुए थे। इसी दौरान मिशन चौक कलमी के पास मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम छोटे सीपत स्थित चारपारा मोड़ के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति खुलेआम शराब पी रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर दबिश दी और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कंचन कुमार सतरंज (पिता सुंदर लाल सतरंज, उम्र 52 वर्ष, निवासी छोटे सीपत, थाना मालखरौदा) बताया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 180 एमएल वाली शीशी में भरी करीब 90 एमएल देशी प्लेन शराब (कीमत 40 रुपये), एक खाली शीशी और शराब की गंध युक्त एक डिस्पोजल गिलास जब्त किया है।
मालखरौदा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 36(च)(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया। हालांकि, मामला जमानतीय होने के कारण आरोपी को थाने से जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया है।
