सक्ती

किराये पर लिए वाहन और बकाया रकम मांगने गए पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला, धारदार हथियार से किया वार

बाराद्वार थाना क्षेत्र के ग्राम लवसरा की घटना; धोखाधड़ी और प्राणघातक हमले की धाराओं में दो भाइयों समेत अन्य आरोपियों पर मामला दर्ज

सक्ती –  बाराद्वार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लवसरा में वाहन (हाईवा) और उसके बकाया किराये की रकम मांगने गए एक व्यक्ति और उसके पुत्र पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की लिखित शिकायत पर बाराद्वार पुलिस ने धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र और धारदार हथियार से मारपीट करने की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम डेरागढ़ निवासी रमेश कुमार बरेठ (57 वर्ष) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वर्ष 2024 में रायपुरा निवासी हरिओम साहू और उसके भाई गोकुल साहू ने उनके स्वामित्व के हाईवा वाहन (क्रमांक CG11AB1299) को 40,000 रुपये प्रतिमाह किराये पर देने की बात कहकर अपने पास रख लिया था। आरोप है कि आरोपियों ने अब तक किराये के नाम पर केवल 60,000 रुपये ही दिए और शेष रकम व वाहन वापस करने में लगातार टालमटोल करते रहे।
रास्ता रोककर धारदार हथियार से किया हमला
शिकायत के मुताबिक, 16 नवंबर को रमेश कुमार बरेठ अपने पुत्र सोमनाथ बरेठ के साथ अपना वाहन और बकाया पैसा लेने के लिए हरिओम साहू के घर रायपुरा जा रहे थे। सुबह जब वे ग्राम लवसरा स्थित हेमलाल साहू की दुकान के पास पहुंचे, तो वहां पहले से मौजूद हरिओम साहू, उसके भाई गोकुल साहू, हरिओम के पुत्र और 3-4 अन्य रिश्तेदारों ने एक राय होकर उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्के व लात से मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान हरिओम साहू और एक अन्य रिश्तेदार ने रमेश कुमार के हाथ पीछे से पकड़ लिए, जबकि गोकुल साहू ने अपने पास रखे किसी नुकीले और धारदार हथियार से उनके बाएं कान के पास वार कर दिया। बीच-बचाव करने आए उनके बेटे सोमनाथ के दाहिने गाल पर भी धारदार वस्तु से हमला किया गया। मारपीट के बाद आरोपी उन्हें घायल अवस्था में छोड़कर मौके से फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई
घायलों का मुलाहिजा (मेडिकल परीक्षण) कराने के बाद बाराद्वार पुलिस ने आरोपी हरिओम साहू, गोकुल साहू, हरिओम के पुत्र और 3-4 अन्य रिश्तेदारों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 118(1), 126(2), 191(2), 296, 318(4), 351(3) और 61(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध (FIR संख्या 0427/2026) कर प्रकरण को विवेचना में लिया है।