सक्ती

सनातन धर्म और साधु-संतों के अपमान का आरोप , विहिप और बजरंग दल ने सांसद पप्पू यादव का फूंका पुतला

सनातन धर्म और साधु-संतों के अपमान का आरोप , विहिप और बजरंग दल ने सांसद पप्पू यादव का फूंका पुतला kshititech

सक्ती ‌।  संसद परिसर में ‘चंदा चोरी’ के विरोध के नाम पर भगवा वस्त्र धारण कर किए गए प्रदर्शन के खिलाफ विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कड़ा विरोध जताया है। संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कचहरी चौक पर एकत्रित होकर निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया तथा उनका पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान विहिप और बजरंग दल के नेताओं ने कहा कि सांसद पप्पू यादव ने संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन के दौरान साधु का भेष धारण कर और भगवा वस्त्र पहनकर सनातन धर्म और साधु-संतों की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया है। विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष सुदामा चन्द्रा ने कहा की चंदा चोरी का विरोध दर्ज कराने के कई अन्य संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक तरीके हो सकते थे, परंतु सांसद द्वारा जानबूझकर भगवा पहनकर यह स्वांग रचा गया, जिससे करोड़ों सनातनियों और संत समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।

बर्दाश्त नहीं किया जाएगा अपमान
संगठन के वक्ताओं ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि सनातन धर्म, भगवा ध्वज और संत परंपरा का किसी भी कीमत पर अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भगवा रंग भारत की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर और त्याग का प्रतीक है, जिसे राजनीतिक नौटंकी के लिए इस्तेमाल करना सर्वथा निंदनीय है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में संसद परिसर में विपक्षी नेताओं द्वारा राम मंदिर में कथित चढ़ावा व चंदा चोरी के विरोध में एक सांकेतिक नाटक का आयोजन किया गया था, जिसमें सांसद पप्पू यादव ने साधु का रूप धारण कर भगवा वस्त्र पहने थे। इस घटनाक्रम के बाद से ही देशभर के विभिन्न शहरों में हिंदू संगठनों, साधु-संतों और जनप्रतिनिधियों द्वारा सांसद पप्पू यादव के खिलाफ विरोध प्रदर्शन, पुतला दहन और कानूनी शिकायतें दर्ज कराने का सिलसिला जारी है।
कचहरी चौक पर हुए प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सांसद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने तथा सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की। विरोध प्रदर्शन मे मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष सुदामा चंद्रा जिला मंत्री ओमप्रकाश राठौर बजरंग दल जिला संयोजक ईशांत राठौर,सह संयोजक-तुलेशवर सोनी,भाजयुमो जिला मंत्री हर्ष देवांगन,सतीश यादव, गौरक्षा प्रमुख अविनाश दूबे, सह संयोजक-गजेन्द्र देवांगन,प्रकाश बरेठ,चिरायु गवेल,सुजल कसेर,गौरव,विकास सिदार,दिगंबर यादव,पीयूश सिंह,विकास बरेठ,समीर चौहान,लतेल,गेमन बरेठ,सुयश सोनी,देवाशीष पटेल,निखील केंवट एवं अन्य बजरंगी भाई उपस्थित रहे।।