मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से मात्र 2 घंटे में सक्रिय किया गया संजुक्ता पटेल का आधार कार्ड

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से आमजन की समस्याओं का तत्काल हो रहा समाधान
सक्ती- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शासन की जनसेवा, सुशासन और जवाबदेही के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता का सशक्त माध्यम बनकर उभरी है। कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनों के निर्देशन में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के जरिए जिले में प्राप्त शिकायतों का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ त्वरित निराकरण कर नागरिकों को राहत प्रदान की जा रही है। इसी क्रम में विकासखंड डभरा के ग्राम खोंधर निवासी श्रीमती संजुक्ता पटेल का आधार कार्ड तकनीकी कारणों से निष्क्रिय हो गया था। आधार कार्ड निष्क्रिय होने के कारण उन्हें विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं आवश्यक सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। उनकी इस समस्या से परेशान होकर उनके पति श्री नरेंद्र पटेल ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होते ही ई-जिला प्रबंधक श्री दुष्यंत सोनी और आधार टीम ने मिलकर तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ तत्काल मामले का परीक्षण किया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए मात्र दो घंटे के भीतर उनका निष्क्रिय आधार कार्ड सफलतापूर्वक पुनः सक्रिय करा दिया गया। इससे उनकी लंबे समय से चली आ रही परेशानी का समाधान हुआ और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने का मार्ग भी सुगम हो गया। श्रीमती संजुक्ता पटेल ने बताया कि उन्हें उम्मीद थी कि उनकी समस्या का समाधान होगा, लेकिन इतनी शीघ्र कार्रवाई होने से वे बेहद खुश हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज करते ही अब आमजन की समस्याओं का तत्काल समाधान हो रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री व जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्मुख्यमंत्री की संवेदनशील और जनहितैषी कार्यप्रणाली आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है तथा जरूरतमंद लोगों को समय पर राहत प्रदान कर रही है, जो की अत्यंत सराहनीय है।




