सक्ती

पोषण माह अंतर्गत राज्य से नामित अधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्रों का किया निरीक्षण

बच्चों के समग्र विकास, पोषण एवं गतिविधि आधारित शिक्षा के प्रयासों का लिया जायजा

सक्ती – सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में पोषण माह के अंतर्गत राज्य से नामित अधिकारी तारकेश्वर सिन्हा ने महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत जिला सक्ती के परियोजना सक्ती के रगजा सेक्टर के आंगनबाड़ी केंद्र टेमर-02 एवं रगजा-03 का निरीक्षण किया। भ्रमण के दौरान उन्होंने केंद्रों की कार्यप्रणाली, बच्चों की सहभागिता, पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ECCE) तथा स्थानीय स्तर पर किए जा रहे नवाचारों का अवलोकन किया। आंगनबाड़ी केंद्र टेमर-02 में कार्यकर्ता श्रीमती माधुरी पटेल एवं सहायिका श्रीमती मोहन कुमारी द्वारा सीमित संसाधनों एवं किराए के भवन का रचनात्मक उपयोग करते हुए बच्चों के अनुकूल वातावरण विकसित किया गया है। केंद्र में वेस्ट मटेरियल से तैयार शिक्षण-सामग्री (TLM) के माध्यम से बच्चों के बौद्धिक एवं रचनात्मक विकास पर जोर दिया जा रहा है। कहानी, खेल एवं विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को रोचक ढंग से शिक्षा दी जा रही है। वहीं अभिवादन, सरल शब्दावली, कविताओं एवं छोटे संवादों के माध्यम से बच्चों में अंग्रेजी के प्रति रुचि एवं आत्मविश्वास विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। केंद्र में आनंददायी एवं गतिविधि आधारित वातावरण के माध्यम से बच्चों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने की पहल की जा रही है। साथ ही गृह भेंट के माध्यम से गर्भवती महिलाओं एवं अन्य हितग्राहियों को संतुलित आहार, स्वास्थ्य एवं बाल देखभाल संबंधी परामर्श दिया जा रहा है। पोषण पेटी एवं सुपोषण थाली के माध्यम से स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों के उपयोग एवं संतुलित आहार के प्रति परिवारों को जागरूक किया जा रहा है तथा संबंधित अभिलेखों का संधारण किया जा रहा है।
       इसी प्रकार आंगनबाड़ी केंद्र रगजा-03 में कार्यकर्ता श्रीमती सुशीला सिदार एवं सहायिका श्रीमती सविता उरांव द्वारा संचालित सुपोषण चौपाल का अवलोकन किया गया। इस दौरान महिलाओं एवं हितग्राहियों से पोषण, खान-पान एवं स्वास्थ्य संबंधी संवाद किया गया। बच्चों की उपस्थिति एवं पोषण स्थिति की समीक्षा के साथ विभिन्न TLM एवं गतिविधि आधारित शिक्षण का भी अवलोकन किया गया। महिलाओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। बच्चों को नियमित उपस्थिति एवं सक्रिय सहभागिता के लिए प्रोत्साहित करते हुए कॉपी भेंट की गई। निरीक्षण के दौरान सक्ती जिले में संचालित पोषण पेटी पहल के अंतर्गत तैयार पोषण पेटी श्री तारकेश्वर सिन्हा को भेंट की गई। समग्र भ्रमण के दौरान खेल-खेल में शिक्षा, TLM आधारित गतिविधियों, अंग्रेजी माध्यम पहल, पोषण पेटी, सुपोषण थाली, सुपोषण चौपाल, गृह भेंट एवं सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से बच्चों के समग्र विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों का अवलोकन किया गया। निरीक्षण के दौरान तारकेश्वर सिन्हा ने गुणवत्तापूर्ण सेवाओं, नवाचारों एवं गतिविधि आधारित शिक्षण को निरंतर प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सुझाव दिए। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग के संबंधित अधिकारी और आँगनबाड़ी केंद्र के कार्य कर्ता और सहायिका उपस्थित रहे।