नशे के खिलाफ ब्रह्मकुमारी का अभियान, ‘कुंभकरण’ की झांकी से दिया संदेश, हर 8 सेकंड में एक मौत


सक्ती – प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, सक्ती के तत्वावधान में चलाए जा रहे ‘मेरा भारत – नशा मुक्त भारत’ अभियान के तहत आज बुधवारी बाजार में एक विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज को नशे की बुराइयों से मुक्त कराना और लोगों में स्वस्थ जीवन शैली के प्रति जागरूकता फैलाना था। कार्यक्रम के दौरान एक विशेष रूप से सजाए गए वाहन (रथ) में ‘राजा कुंभकरण’ की विशालकाय झांकी प्रदर्शित की गई, जिसके माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नशा इंसान को अज्ञानता और मौत की नींद में सुला देता है। रथ के दूसरी तरफ एक आधुनिक एलइडी (LED) प्रोजेक्टर लगाया गया था, जिसके माध्यम से वहां मौजूद लोगों को शॉर्ट फिल्म्स, आंकड़ों और प्रेरक प्रस्तुतियों द्वारा नशे से होने वाले नुकसान के बारे में विस्तार से समझाया गया।
नशे के चौंकाने वाले आंकड़े किए गए उजागर
अभियान के दौरान प्रदर्शित किए गए आंकड़ों के अनुसार, देश में हर दिन 14 से 18 वर्ष के लगभग 5,500 बच्चे नशे की लपेट में आ रहे हैं। वहीं, तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन के कारण भारत में हर 8 सेकंड में एक व्यक्ति की मौत हो रही है, जो कि सालाना लगभग 13.5 लाख मौतों के बराबर है। इन चौंकाने वाले आंकड़ों को देखकर वहां मौजूद आम जनता ने नशे से दूर रहने का संकल्प लिया।
राजयोग मेडिटेशन से मिलेगी मुक्ति
ब्रह्माकुमारी संस्थान की तरफ से बताया गया कि धूम्रपान और नशा न केवल शरीर को खोखला करता है बल्कि मानसिक शांति भी छीन लेता है। इससे मुक्ति पाने के लिए राजयोग मेडिटेशन एक मुख्य और प्रभावी साधन है। संस्थान ने सभी नागरिकों से अपने नजदीकी राजयोग मेडिटेशन सेंटर (शक्तिकुंज, नया बस स्टैंड के पास, सक्ती) में संपर्क करने की अपील की है।
इस जन-जागरूकता वाहन को देखने और एलईडी प्रोजेक्टर के माध्यम से ज्ञानवर्धक जानकारी लेने के लिए बुधवारी बाजार में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। संस्थान के इस प्रयास को स्थानीय प्रशासन और आम जनमानस द्वारा काफी सराहा जा रहा है।


