सक्ती

पीएम-आशा योजना के तहत दलहन-तिलहन फसलों की खरीद के लिए पंजीयन 31 मार्च 2026 तक

सक्ती –    प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (पीएम-आशा) के तहत दलहन-तिलहन फसल के उपार्जन हेतु प्राइस सपोर्ट स्कीम  अंतर्गत शासन द्वारा अधिसूचित समितियों के द्वारा दलहन एवं तिलहन के फसलों की खरीदी की जायेगी। प्राइस सपोर्ट स्कीम (पीएसएस) अंतर्गत दलहन एवं तिलहन फसलों के उपार्जन हेतु सक्ती जिले में केंद्रीय एजेंसी नाफेड के माध्यम से समितियों (रगजा, मालखरौदा, बेल्हाडीह, पीहरिद, जैजैपुर एवं कोटमी) को अधिसूचित किया गया है। इन समितियों के माध्यम से कृषक दलहन व तिलहन फसलों के उपार्जन समर्थन मूल्य में विक्रय कर सकेंगे। योजनान्तर्गत कृषकों का पंजीयन ई-उपार्जन पोर्टल में पंजीयन होना अनिवार्य है। पंजीयन के दौरान आधारकार्ड, ऋण पुस्तिका की फोटोकॉपी, बी 1, खसरा, फसल विवरण, बैंक पास बुक की फोटोकॉपी, इत्यादि पंजीयन आवश्यक है। जिन कृषकों के बैंक में निर्यातक दलहन व तिलहन फसल का पंजीयन हुआ है वही कृषक इस योजना में उपार्जन कर सकेंगे। कृषकों का पंजीयन दिनांक 31 मार्च 2026 अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। अधिसूचित फसल चना, मसूर एवं सरसों खरीद केन्द्र समिति में जाकर पंजीयन समय पर करावें। योजना से संबंधित ज्यादा जानकारी के लिए क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी या विकासखंड कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 अंतर्गत अधिसूचित फसलों में मूंग के लिए अधिकतम सीमा 3.00 क्विंटल प्रति एकड़ एवं समर्थन मूल्य 8768.00 रुपये, उड़द के लिए अधिकतम सीमा 3.00 क्विंटल प्रति एकड़ एवं समर्थन मूल्य 7800.00 रुपये तथा मूंगफली के लिए अधिकतम सीमा 7.00 क्विंटल प्रति एकड़ एवं समर्थन मूल्य 7263.00 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं रबी विपणन वर्ष 2026-27 अंतर्गत चना के लिए अधिकतम सीमा 6.00 क्विंटल प्रति एकड़ एवं समर्थन मूल्य 5875.00 रुपये, सरसों के लिए अधिकतम सीमा 5.00 क्विंटल प्रति एकड़ एवं समर्थन मूल्य 6200.00 रुपये तथा मसूर के लिए अधिकतम सीमा 2.00 क्विंटल प्रति एकड़ एवं समर्थन मूल्य 7000.00 रुपये निर्धारित किया गया है।