भाद्रपद अमावस्या राधाकृष्ण मंदिर में मारवाड़ी महिलाओं ने किया रानी सती दादी का मंगलपाठ


धूमधाम के साथ मनाया गया महोत्सव
सक्ती – भाद्रपद अमावस्या के अवसर पर सक्ती के राधाकृष्ण मंदिर में रानी सती दादी का महोत्सव श्रद्धापूर्वक मनाया गया। मारवाड़ी महिलाओं के द्वारा मंगलपाठ का आयोजन किया गया। महिलाओं ने श्री रानी सती दादी जी का अलौकिक श्रृंगार किया और 56 व्यंजनों का भोग लगाया। इस दौरान काफी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
महिलाएं एक सरीखी लाल, पीली चुंदड़ी साड़ी और पुरुष सफेद पायजामा-कुर्ता धारण कर मंगलपाठ, महाआरती में शामिल हुए। मंगलपाठ में जन्मोत्सव, बधाई, मेहंदी, गजरा मुकलावा आदि रस्म निभाते हुए जन्मोत्सव मनाया गया। मंगलपाठ का उद्देश्य भावी पीढ़ी को रीति-रिवाजों, संस्कृति की जानकारी देना और आपसी भाईचारे को बढ़ाना था। महिलाओं ने एक स्वर में मंगल पाठ किया। पाठ के दौरान ऐसा भक्तिभाव जागा कि महिलाएं झूम उठीं। 56 भोग अर्पित करके महाआरती के पश्चात प्रसाद वितरित किया गया और भजन-कीर्तन में श्रद्धालु रमे रहे। रितु अग्रवाल एवं रिंकु अग्रवाल द्वारा दादी जी के भजनों की प्रस्तुति से मंदिर प्रांगण गूंज उठा। सैकड़ों की संख्या में महिलाओं ने एक-दूसरे को सुहाग सामग्री देते हुए बधाई दी। मंगलपाठ में रितु अग्रवाल, रिंकू अग्रवाल, रीना गेवलडीन, ऊषा अग्रवाल, रिंकी राधे, खुशबू अग्रवाल, विमला अग्रवाल, गीता, सारिका, निधि, ममता, मीना, मधु, रंजना गोयल समेत सैकड़ों की संख्या में महिलाएं शामिल हुईं।
पौराणिक मान्यता
पौराणिक कथाओं के मुताबिक महाभारत के युद्ध में चक्रव्यूह में वीर अभिमन्यु वीरगति को प्राप्त हुए थे। उस समय उत्तरा जी को भगवान श्री कृष्ण ने वरदान दिया था कि तुम कलयुग में नारायणी श्री राणी सती दादी के नाम से पूजा अर्चना करेंगे और और उनकी मनोकामना पूर्ण होगी उसी वरदान के स्वरूप श्री सती दादी जी जन्म लगभग 715 वर्ष पूर्व मंगलवार को मंगसिर आदि 1352 ईस् रात 12 बजे के पश्चात डोकवा गांव में हुआ था।
महाभंडारे का हुआ आयोजन
जो महिलाएं पुरुष भादो मां के अमावस्या के दिन रानी सती जी का मंगल पाठ यज्ञ श्रृंगार पूजन करती हैं, उन पर माता रानी सती दादी जी का आशीर्वाद हमेशा बना रहता है। सैकड़ों महिलाओं द्वारा मंगल पाठ कर महा आरती पश्चात छप्पन भोग प्रसाद का वितरण कर महाभंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सैकड़ो लोगों ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।
ज्ञात रहे कि राजस्थान के झुंझुनू में रानी सती मंदिर में हर साल भादों महीने की अमावस्या को मंगल पाठ का आयोजन होता है। इसमें काफ़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।