दिल्ली के फूलों से सजा बाबा श्याम का दरबार, भारी बारिश के बीच उमड़े हजारों श्रद्धालु

कार्तिक ग्यारस पर सक्ती के श्री राधा कृष्ण मंदिर में श्री श्याम जन्मोत्सव की धूम, देर रात तक चली भजन संध्या

सक्ती – कार्तिक ग्यारस के पावन अवसर पर 20 नवंबर को शहर के श्री राधा कृष्ण मंदिर में श्री श्याम परिवार, श्री राधा कृष्ण मंदिर सेवा समिति एवं विभिन्न महिला मंडलों के संयुक्त तत्वावधान में श्री श्याम जन्मोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। शहर में सुबह से ही भारी बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी था, लेकिन खराब मौसम भी श्याम भक्तों की अटूट आस्था को डिगा नहीं सका।
शाम ढलते ही मंदिर परिसर में बाबा श्याम का अलौकिक दरबार सजाया गया, जिसके श्रृंगार के लिए दिल्ली से विशेष रूप से प्राकृतिक फूल मंगवाए गए थे। बाबा श्याम को छप्पन भोग अर्पित करने और अखंड ज्योत प्रज्वलन के साथ ही संगीतमय भजन संध्या का शुभारंभ हुआ। देश के विभिन्न हिस्सों से आए प्रसिद्ध भजन गायकों ने बाबा के सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी, जिस पर हजारों श्याम प्रेमी देर रात तक झूमते रहे। श्रद्धालुओं ने सपरिवार बाबा की पावन ज्योत के दर्शन किए और मंदिर में विराजमान भगवान राधा-कृष्ण, शिव दरबार, हनुमान जी, रानी सती दादी जी एवं भगवान जगन्नाथ जी के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
श्री श्याम रसोई और निशान वितरण रहा आकर्षण
महोत्सव के दौरान मंदिर के प्रथम तल स्थित सभागार में विशाल भंडारा एवं ‘श्री श्याम रसोई’ का आयोजन किया गया। उल्लेखनीय है कि श्री श्याम परिवार सक्ती द्वारा विगत कई महीनों से प्रत्येक ग्यारस पर मात्र 50 रुपये के सेवा शुल्क के साथ श्री श्याम रसोई संचालित की जा रही है, जहां भक्तों ने सपरिवार प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन समिति की ओर से मंदिर पहुंचने वाले सभी श्रद्धालुओं को बाबा श्याम का पवित्र निशान और प्रसाद भेंट स्वरूप प्रदान किया गया।
सेवाभावी भक्तों का हुआ सम्मान
कार्तिक ग्यारस महोत्सव के दौरान श्री श्याम परिवार द्वारा उन सक्रिय श्याम भक्तों को दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया गया, जो बाबा की विभिन्न सेवाओं में निरंतर अपना योगदान दे रहे हैं। समिति ने उनके सहयोग के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। पूरे आयोजन को सफल बनाने में श्री श्याम परिवार सक्ती, श्री राधा कृष्ण मंदिर सेवा समिति के सभी सदस्यों तथा शहर के विभिन्न महिला मंडलों की सक्रिय बहनों का सराहनीय योगदान रहा।
