जनप्रतिनिधियों के प्रयास लाए रंग: बाराद्वार में खुलेगा उप पंजीयक कार्यालय, राजपत्र में अधिसूचना जारी

35 गांवों के ग्रामीणों को मिलेगी बड़ी राहत, जमीन की रजिस्ट्री के लिए अब नहीं लगाने पड़ेंगे सक्ती के चक्कर; शहर के व्यापार में भी होगी बढ़ोतरी
सक्ती – नगर पंचायत बाराद्वार के जनप्रतिनिधियों और पूर्व विधायक के सतत प्रयासों से क्षेत्रवासियों को एक बड़ी सौगात मिली है। बाराद्वार शहर में नवीन उप पंजीयक कार्यालय (रजिस्ट्री ऑफिस) खोलने के लिए छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राजपत्र में विधिवत अधिसूचना जारी कर दी गई है। इस निर्णय से बाराद्वार सहित आसपास के 35 गांवों के लोगों में हर्ष की लहर है।
वित्त मंत्री से की गई थी मुलाकात
उल्लेखनीय है कि विगत महीनों में नगर पंचायत बाराद्वार के अध्यक्ष नारायण कुर्रे और उपाध्यक्ष जितेश शर्मा ने सक्ती विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक डॉ. खिलावन साहू के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री ओपी चौधरी से प्रत्यक्ष मुलाकात की थी। प्रतिनिधिमंडल ने ग्रामीणों की व्यावहारिक समस्याओं से अवगत कराते हुए बाराद्वार में उप पंजीयक कार्यालय प्रारंभ करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा था। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने जनप्रतिनिधियों की इस मांग को गंभीरता से लेते हुए कार्यालय खोलने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए थे, जिसके परिणामस्वरूप अब राजपत्र में अधिसूचना जारी हो गई है।
35 गांवों के लोगों का बचेगा समय और धन
अब तक बाराद्वार क्षेत्र के ग्रामीणों को जमीन की रजिस्ट्री और दस्तावेजों से जुड़े कार्यों के लिए जिला मुख्यालय सक्ती जाना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती थी। बाराद्वार में ही उप पंजीयक कार्यालय शुरू हो जाने से क्षेत्र के लगभग 35 गांवों के नागरिकों को स्थानीय स्तर पर ही रजिस्ट्री की समस्त सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
शहर के व्यापार को मिलेगी नई गति
उप पंजीयक कार्यालय खुलने की खबर से स्थानीय व्यापारी वर्ग में भी खासा उत्साह है। व्यापारियों का मानना है कि आसपास के 35 गांवों के लोगों की आवाजाही बढ़ने से शहर के सभी प्रकार के व्यवसायों को प्रत्यक्ष रूप से लाभ मिलेगा और स्थानीय बाजार में रौनक बढ़ेगी। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए बाराद्वार नगर पंचायत अध्यक्ष नारायण कुर्रे, उपाध्यक्ष जितेश शर्मा सहित नगर की जनता और व्यापारियों ने वित्त मंत्री ओपी चौधरी एवं पूर्व विधायक डॉ. खिलावन साहू के प्रति आभार व्यक्त किया है।
