बारिश, नमी और तेज हवाओं से बचाव के लिए उपार्जन केंद्रों में सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें – कलेक्टर

कैप कवर, तिरपाल और जल निकासी की पुख्ता व्यवस्था के दिए निर्देश

सक्ती – खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी और उपार्जित धान की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन सतर्क है। संभावित मौसमी बदलाव को देखते हुए जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश जिला प्रशासन द्वारा दिए गए हैं। कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने कहा है कि बारिश, नमी और तेज हवाओं के कारण उपार्जित धान को किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं होना चाहिए। इसके लिए जिले की 96 सहकारी समितियों के अंतर्गत संचालित सभी उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा भंडारित धान की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने सभी उपार्जन केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में कैप कवर, पन्नी और तिरपाल उपलब्ध रखने के निर्देश दिए हैं। तेज हवाओं से धान के स्टैक को सुरक्षित रखने के लिए उन्हें रस्सियों से मजबूती से बांधने को कहा गया है। वहीं, जमीन की नमी और पानी के संपर्क से धान को बचाने के लिए पर्याप्त डनेज अर्थात चबूतरे, लकड़ी अथवा भूसे की परत की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही उपार्जन केंद्रों के फड़ के आसपास जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने, नालियों की सफाई कराने तथा बारिश का पानी जमा नहीं होने देने पर विशेष जोर दिया गया है। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य प्रतिकूल मौसम में भी उपार्जित धान की गुणवत्ता बनाए रखना और उसे सुरक्षित रखना है।
