सक्ती

महिला सशक्तिकरण HUB ने विद्यार्थियों को दी सरकारी नौकरी एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी, 130 विद्यार्थियों ने लिया वस्तुनिष्ठ टेस्ट में भाग

महिला सशक्तिकरण HUB ने विद्यार्थियों को दी सरकारी नौकरी एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी, 130 विद्यार्थियों ने लिया वस्तुनिष्ठ टेस्ट में भाग kshititech
महिला सशक्तिकरण HUB ने विद्यार्थियों को दी सरकारी नौकरी एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी, 130 विद्यार्थियों ने लिया वस्तुनिष्ठ टेस्ट में भाग kshititech

सक्ती – महिला सशक्तिकरण HUB, सक्ती द्वारा जिले के विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों को जागरूक करने के साथ ही कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सेजस स्कूल, स्टेशन पारा सक्ती में जागरूकता एवं कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें कक्षा 9वीं से 12वीं तक के लगभग 130 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं, बाल अधिकारों तथा बच्चों की सुरक्षा से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। इस दौरान बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, पॉक्सो एक्ट, पोषण एवं स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित कैरियर काउंसलिंग सत्र में विद्यार्थियों को भविष्य में सरकारी सेवाओं में रोजगार के अवसरों की जानकारी दी गई। उन्हें केंद्र एवं राज्य सरकार के विभिन्न विभागों, बैंकिंग, सेना, पुलिस एवं रेलवे सहित अन्य क्षेत्रों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में विस्तार से बताया गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि सरकारी सेवाओं में चयन के लिए आयोजित अधिकांश प्रतियोगी परीक्षाओं में सामान्य ज्ञान (GK), रीजनिंग, गणित एवं अंग्रेजी जैसे विषय महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इन विषयों के प्रति शुरुआती कक्षाओं से ही रुचि विकसित करने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की बुनियाद मजबूत करने के उद्देश्य से HUB द्वारा विद्यालयों में 30 प्रश्नों का वस्तुनिष्ठ (Objective) टेस्ट आयोजित किया जा रहा है। विद्यार्थियों में अध्ययन एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के लिए टेस्ट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष तीन विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र के साथ प्रतियोगिता दर्पण पत्रिका पुरस्कार स्वरूप प्रदान की जा रही है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए पौष्टिक अल्पाहार के रूप में स्प्राउट्स भेल एवं तिल के लड्डू की व्यवस्था भी की गई। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व से जोड़ने का प्रयास किया गया। महिला सशक्तिकरण HUB की यह पहल विद्यार्थियों को विभागीय योजनाओं एवं कानूनों के प्रति जागरूक करने के साथ ही उनमें कैरियर के प्रति स्पष्ट दृष्टिकोण, प्रतियोगी परीक्षाओं की समझ तथा आत्मनिर्भर भविष्य के निर्माण की प्रेरणा विकसित करने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है।