सक्ती

सक्ती मे कलयुगी बेटे ने की मां की हत्या

मामूली विवाद में पीट-पीटकर ली जान, ग्राम भेडिकोना डभरा की घटना, आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस कर रही पूछताछ

सक्ती –  सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भेड़ीकोना में रविवार की रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक कलयुगी बेटे ने मामूली विवाद के बाद अपनी मां की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार, मृतिका की पहचान तिहारिन बाई माली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मां-बेटे के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि बेटे ने अपनी मां के साथ मारपीट कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि, विवाद किस बात को लेकर हुआ था, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। घटना की सूचना पड़ोसियों द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही डभरा थाना प्रभारी राजेश पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच के बाद घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है।