महंगाई और पेट्रोल-डीजल मूल्य वृद्धि पर कांग्रेस का हमला, सक्ती में गरजी कांग्रेस— “मोदी सरकार से देश नहीं संभल रहा”


सक्ती – देशभर में बढ़ती महंगाई, डीजल-पेट्रोल एवं रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। 15 मई को जिला कांग्रेस कमेटी सक्ती द्वारा स्थानीय शासकीय विश्रामगृह में जिला स्तरीय पत्रकार वार्ता आयोजित कर केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा गया। पत्रकार वार्ता के मुख्य वक्ता अकलतरा विधायक राघवेंद्र सिंह रहे। इस दौरान चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव, जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू एवं जिला कांग्रेस कमेटी सक्ती की अध्यक्ष रश्मि गबेल प्रमुख रूप से पस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री अधिवक्ता गिरधर जायसवाल ने किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष रश्मि गबेल ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर यह पत्रकार वार्ता आयोजित की गई है, जिसमें बढ़ती महंगाई और आम जनता की परेशानियों को लेकर कांग्रेस पार्टी की भावना जनता तक पहुंचाई जा रही है। पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए विधायक राघवेंद्र सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया अपीलों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “प्रधानमंत्री देशवासियों के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम कर रहे हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जनता को “कम तेल उपयोग करने, कम गैस जलाने, विदेश यात्रा न करने और वर्क फ्रॉम होम” जैसी सलाह दे रही है, जबकि आम जनता पहले से ही आर्थिक संकट और महंगाई की मार झेल रही है। राघवेंद्र सिंह ने किसानों की समस्या उठाते हुए कहा कि देश में वर्षों से उर्वरकों की कमी बनी हुई है, लेकिन केंद्र सरकार समाधान निकालने के बजाय किसानों को उर्वरक कम उपयोग करने की सलाह दे रही है। उन्होंने दावा किया कि छत्तीसगढ़ में किसानों को आवश्यक उर्वरक का पूरा कोटा अब तक उपलब्ध नहीं हो पाया है, जिससे खेती और उत्पादन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई ने आम परिवारों की रसोई का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। वर्ष 2013 की तुलना में आज खाद्य सामग्री, पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, दाल, तेल, दूध और अन्य आवश्यक वस्तुओं के दाम कई गुना बढ़ चुके हैं। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि पेट्रोल, डीजल और गैस की कीमतों में भारी बढ़ोतरी से मध्यम एवं गरीब वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। सोने की कीमतों का उल्लेख करते हुए विधायक राघवेंद्र सिंह ने कहा कि वर्ष 2013 की तुलना में आज सोना कई गुना महंगा हो चुका है, जिससे आम परिवारों के लिए आभूषण खरीदना कठिन हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के कारण आम आदमी कर्जदार होता जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर विदेशी दौरों और बढ़ते सरकारी खर्चों को लेकर भी सवाल उठाए। साथ ही कहा कि भाजपा नेताओं को यदि डीजल-पेट्रोल बचाने की सलाह दी जा रही है, तो सबसे पहले मंत्रियों और नेताओं के बड़े-बड़े काफिलों पर रोक लगाई जानी चाहिए। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट को नियंत्रित करने में पूरी तरह असफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि जनता लगातार आर्थिक दबाव झेल रही है, लेकिन केंद्र सरकार केवल सलाह देने तक सीमित है। अंत में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश ने पहले भी कई बड़े आर्थिक और वैश्विक संकट देखे हैं, लेकिन पूर्व सरकारों ने बेहतर प्रबंधन और दूरदर्शिता से परिस्थितियों का सामना किया था। वर्तमान सरकार जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय जिम्मेदारी से बचने का प्रयास कर रही है।


