सक्ती

पंचायत में शिकायत के विवाद पर पड़ोसी ने ग्रामीण और उसकी बेटी से की मारपीट, ईंट से किया हमला

सक्ती –  डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम कुसमुल में पंचायत में की गई एक शिकायत के विवाद को लेकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर आरोपी पड़ोसी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कुसमुल निवासी चैतराम मिरी (65 वर्ष) ने चौकी फगुरम (थाना डभरा) में रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रार्थी ने बताया कि 10 नवंबर 2026 की सुबह उनकी बेटी सविता मिरी घर के सामने लगे सरकारी नल से पानी भर रही थी। इसी दौरान गांव के ही पड़ोसी हरेन सतनामी (25 वर्ष) ने चैतराम मिरी को देखकर पंचायत में शिकायत करने की बात पर विवाद शुरू कर दिया।
आरोप है कि हरेन सतनामी ने अश्लील गाली-गलौच करते हुए चैतराम मिरी के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए पास पड़े ईंट के टुकड़े से उनकी पीठ पर वार कर दिया। जब उनकी बेटी सविता मिरी बीच-बचाव करने आई, तो आरोपी ने उसके साथ भी हाथ-मुक्कों से मारपीट की। घटना के समय मौके पर मौजूद प्रार्थी की पत्नी चंदा मिरी ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
परिवार से सलाह लेने के कारण प्रार्थी ने घटना के चार दिन बाद 14 नवंबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। डभरा पुलिस ने आरोपी हरेन सतनामी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 296 और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच अपने हाथ में ले ली है।