सरस्वती शिशु मंदिर में बाल दिवस की धूम, चित्रकला और खेलकूद में बच्चों ने दिखाया हुनर

सभी कक्षाओं के विद्यार्थियों ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा, विद्यालय परिवार ने दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं

सक्ती – नगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 14 नवंबर को ‘बाल दिवस’ के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। इस मौके पर विद्यार्थियों की छिपी हुई प्रतिभा को निखारने के लिए चित्रकला स्पर्धा और विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिसमें बच्चों ने बड़े ही उत्साह के साथ अपनी सहभागिता दर्ज कराई। कार्यक्रम के दौरान चित्रकला प्रतियोगिता में नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर बड़ी कक्षाओं के विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशक्ति को कागज पर उतारा और एक से बढ़कर एक आकर्षक पेंटिंग बनाई। वहीं, खेल के मैदान में भी बच्चों का जोश देखते ही बन रहा था, जहां विभिन्न खेलों में विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से हिस्सा लेकर अपना दमखम दिखाया। उल्लेखनीय है कि इस विद्यालय के विद्यार्थी खेलकूद के क्षेत्र में न केवल जिला, बल्कि प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाकर विद्यालय को गौरवान्वित कर रहे हैं। इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से सभी बच्चों को बाल दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की गईं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। शिक्षकों ने बच्चों को देश का भविष्य बताते हुए उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ कला और खेल के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के प्राचार्य, प्रधानाचार्य सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की गरिमामयी उपस्थिति और विशेष योगदान रहा।
