जैजैपुर (सक्ती) में घर के सामने खड़ी 90 हजार रुपये की बाइक चोरी अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज

सक्ती – नगर पंचायत जैजैपुर के वार्ड क्रमांक 02 में दिनदहाड़े बाइक चोरी की एक घटना सामने आई है। अज्ञात चोर ने घर के बाहर खड़ी लगभग 90,000 रुपये कीमत की मोटरसाइकिल पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर जैजैपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गाड़ी में ही छूट गई थी चाबी
मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 02 बाराद्वार रोड जैजैपुर निवासी किरीत राम साहू (पिता करमाहा साहू), जो बर्फ फैक्ट्री की दुकान चलाते हैं, ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना 13 नवंबर 2026 की दोपहर की है। पीड़ित दोपहर अपने पिता करमाहा साहू के नाम पर पंजीकृत होंडा एसपी साइन मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 11 BW 4544) को अपने घर के सामने सड़क किनारे खड़ी कर अंदर चले गए थे। इस दौरान गलती से गाड़ी की चाबी बाइक में ही लगी रह गई थी।
एक घंटे में पार हो गई बाइक
जब किरीत राम घर से बाहर निकले, तो उन्होंने देखा कि उनकी बाइक उस जगह से गायब है। उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन वाहन का कहीं कोई सुराग नहीं मिला। पीड़ित ने इस घटना की जानकारी स्थानीय निवासी भागवत प्रसाद चन्द्रा और छबि नायक को भी दी।
पुलिस जांच में जुटी
अगले दिन 14 नवंबर 2026 को पीड़ित ने जैजैपुर थाने पहुंचकर मामले की मौखिक शिकायत दर्ज कराई। सहायक उप-निरीक्षक उपेंद्र कुमार यादव ने मामला दर्ज कर जांच अपने हाथ में ले ली है और अज्ञात चोर की तलाश की जा रही है।
