सक्ती

अमर सिंह बनाफर बने कृषि उपज मंडी जैजैपुर समिति के अध्यक्ष

कृषि मंडियों में भार साधक समितियों की नियुक्ति के आदेश जारी

सक्ती – ठठारी के कांग्रेस नेता अमरसिंह बनाफर को कृषि उपज मंडी का अध्यक्ष बनाया गया है। अमरसिंह बनाफर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जैजैपुर के पूर्व अध्यक्ष तथा पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं। उन्हें कृषि मंडी का अध्यक्ष मनोनीत किए जाने पर क्षेत्र के किसानों ने खुशी जताई है। उल्लेखनीय है कि राज्य की कृषि उपज मंडियों में 2011 से भार साधक समितियां का गठन,मनोनयन नहीं हो सका था। मंडियों के संचालन की जिम्मेदारी भार साधक अधिकारी के जिम्मे थी, जिसके चलते कृषि मंडियों में विकास एवं किसानों के हित के निर्णय में विलंब होता रहा। 11वर्षों के लंबे अंतराल के बाद कृषि उपज मंडियों को किसानों के हितों के संरक्षण के लिए ज्यादा मजबूत और प्रभावी बनाने तथा कृषि उपज मंडियों के कामकाज में पादर्शिता के साथ तेजी लाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशा के अनुरूप राज्य शासन ने 29 जून बुधवार को भार साधक समितियों की नियुक्ति का आदेश जारी कर दिया है। प्रत्येक कृषि मंडी के भार साधक समिति में एक अध्यक्ष, एक उपाध्यक्ष तथा 5 सदस्यों समेत कुल 07 सदस्यों की नियुक्ति की गई है। संचालक, कृषि विपणन, रायपुर द्वारा इन भार साधक समितियों की नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए गए हैं। विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत के अनुशंसा पर कृषि उपज मंडी समिति जैजैपुर में ठठारी निवासी अमरसिंह बनाफर को मंडी समिति का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है तो वही हसौद निवासी लोकनाथ लायन को उपाध्यक्ष का पद प्राप्त हुआ है, बात अगर सदस्यों की करे तो सदस्यों में भोथिया निवासी कांग्रेस कार्यकर्ता बोधसाय चंन्द्रा, खजुरानी निवासी नीलम चंन्द्रा, बेलादुला निवासी कांग्रेस कार्यकर्ता श्रीमती प्रेमलमा सिदार, संभन साहू, तथा हसौद निवासी कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता गफार खान (व्यापारी प्रति.) शामिल है। आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ के सभी 69 कृषि उपज मंडी समितियों में भार साधक अधिकारियों के स्थान पर भार साधक समितियों की नियुक्तियां कर दी गई हैं। भार साधक अधिकारियों के माध्यम से संचालित हो रहे कार्यों का संचालन अब समितियों के माध्यम से होगा।