
हर्षलता मिश्रा के प्रयासों से कन्हेरा स्कूल को मिली वैश्विक पहचान, सिंगापुर की टीम ने देखा आधुनिक शिक्षा का नवाचार

छत्तीसगढ़ी संस्कृति से हुआ अतिथियों का आत्मीय स्वागत, ग्रामीणों में खुशी की लहर
रायपुर- शिक्षिका हर्षलता मिश्रा के चार वर्षों के अथक प्रयासों और नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धति का परिणाम है कि आज ग्रामीण अंचल के शासकीय प्राथमिक शाला कन्हेरा में अंतरराष्ट्रीय स्तर के अतिथियों का आगमन हुआ। सिंगापुर की डीबीएस फाउंडेशन टीम के सदस्य कैरेन नगोई, क्लेयर वांग लू, मोनिका दत्ता, कनिका पॉल एवं रोहन दास विद्यालय पहुंचे। टीम के आगमन से विद्यालय परिवार एवं ग्रामीणों में उत्साह और खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीण परिवेश के इस सरकारी विद्यालय में अतिथियों का आगमन किसी उत्सव से कम नहीं था।
अतिथियों का स्वागत छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति और पारंपरिक परंपराओं के अनुरूप किया गया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने हाथों में फूल लेकर अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया तथा तिलक-चंदन लगाकर उनका अभिनंदन किया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत सुआ नृत्य एवं राउत नाचा ने कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी संस्कृति के रंग बिखेर दिए। वहीं विद्यालय के शिक्षकों ने अतिथियों को शाल भेंटकर सम्मानित किया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों और आत्मविश्वास को देखकर अतिथियों ने उनकी जमकर प्रशंसा की।
इस अवसर पर डीबीएस फाउंडेशन टीम ने विद्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए जामुन, शहतूत एवं इमली के फलदार पौधों का रोपण किया। टीम के सदस्यों ने बच्चों के साथ आत्मीय समय बिताया, उनके साथ सेल्फी ली तथा विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों का अवलोकन किया। इस दौरान विशेष आवश्यकता वाली बच्ची डिंपल कुर्रे से भी मुलाकात की और उसका उत्साहवर्धन किया।
बच्चों की शैक्षणिक उपलब्धियों, प्रस्तुतियों एवं पढ़ाई के स्तर को देखकर अतिथियों ने खूब सराहना की। विद्यालय की गतिविधियों एवं नवाचारों की विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने भी मुक्तकंठ से प्रशंसा की। वहीं सरपंच महोदया एवं पालकों ने शिक्षिका श्रीमती हर्षलता मिश्रा के चार वर्षों के अथक प्रयासों की जमकर सराहना करते हुए इसे गांव के लिए गौरव का विषय बताया।
उल्लेखनीय है कि शासकीय प्राथमिक शाला कन्हेरा में संपर्क फाउंडेशन डिवाइस की शाला प्रभारी श्रीमती हर्षलता मिश्रा हैं। वे एआई स्मार्ट शाला एवं संपर्क फाउंडेशन की आधुनिक शिक्षण तकनीक का प्रभावी उपयोग कर बच्चों को रोचक, सरल एवं गतिविधि आधारित शिक्षा प्रदान करने का नेतृत्व कर रही हैं। विद्यालय के अन्य शिक्षक भी सभी कक्षाओं में इस तकनीक का उपयोग कर बच्चों को आधुनिक एवं नवाचारपूर्ण तरीके से शिक्षित कर रहे हैं।
विशेष बात यह है कि ग्रामीण परिवेश के जिन बच्चों के लिए कभी अंग्रेजी सीखना चुनौतीपूर्ण था, वे आज संपर्क स्मार्ट शाला के तहत आत्मविश्वास के साथ अंग्रेजी में राइमिंग बोल रहे हैं, गणित के सवाल हल कर रहे हैं और विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में संपर्क फाउंडेशन की समस्त टीम से प्रदीप राणा,अरुण भट्ट,सुजय विश्वास, राजेश साहू,आनंदा तिवारी,दिव्या पाठक,विमलेश पांडेय,सहित प्रधान पाठक फणेश्वरी साहू, हर्षलता मिश्रा, मंजू चंद्रवंशी, रविकांत यादव, हरिश्चंद्र बंजारे, रामेश्वरी,ज्योति,सरपंच आस्मिन जांगड़े, सुखंदन जांगड़े, सुमित निषाद, ओमप्रकाश निषाद, रवि कोशले सहित बड़ी संख्या में पालकगण उपस्थित रहे।
प्राथमिक शाला कन्हेरा आज संपर्क फाउंडेशन की सहायता से ए आई आधारित शिक्षा, नवाचार, सांस्कृतिक गतिविधियों और समावेशी शिक्षण का प्रेरणादायक उदाहरण बन रही है। डीबीएस फाउंडेशन टीम का यह आगमन विद्यालय परिवार के लिए गौरव, प्रोत्साहन और नई ऊर्जा का यादगार अवसर बन गया।
