सक्ती

वनांचल ग्राम छीता पड़रिया में जनजातीय गौरव दिवस आयोजित

प्रथम जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी हैं भगवान बिरसा मुंडा: एसपी प्रफुल्ल ठाकुर

सक्ती- वनांचल एवं जनजातीय ग्राम छीता पड़रिया में जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन कर महान स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मनाई गई।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने भगवान बिरसा मुंडा के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के माटी पुत्र शहीद वीर नारायण सिंह के बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा देश के प्रथम जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी हैं तो वहीं वीर नारायण सिंह ने छत्तीसगढ़ के प्रथम जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी के रूप में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ आवाज बुलंद किया।  जनजातीय गौरव दिवस की अध्यक्षीय उद्बोधन में राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय आयोग(NHRSJC) लीगल सेल के प्रदेश अध्यक्ष एवं उच्च न्यायालय अधिवक्ता चितरंजय पटेल ने उलगुलान’ से ‘जनजातीय गौरव दिवस’ तक की गाथा का बखान करते
हुए कहा कि बिरसा मुंडा जनजातीय स्वाभिमान के प्रतीक हैं जिन्होंने अल्पायु में अंग्रेजों से लोहा लेते हुए आजादी के यज्ञ में अपने प्राणों की आहुति के साथ अपने बलिदान से समाज को राष्ट्र के प्रति सर्वस्व समर्पण का संदेश दिया, तब उनके आदर्शों पर चलना ही उनके प्रति  हमारी सच्ची श्रद्धांजलि है।
विशिष्ट अतिथि के रूप में मंचासीन अनुविभागीय अधिकारी पुलिस डा भुनेश्वरी पैंकरा ने उपस्थित छात्राओं से आग्रह किया आधुनिकता की दौड़ में शामिल होने के बावजूद हम अपने मूल संस्कृति एवं परंपरा को बनाए रखें क्योंकि हमारी भारतीय संस्कृति एवं परंपरा श्रेष्ठ और समृद्ध है।
जनपद पंचायत जैजैपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप कश्यप ने आयोजन की तारीफ करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन से हमारी नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है।
इस कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ पश्चात संतोष सिदार सरपंच ने स्वागत भाषण किया तो वहीं हाइयर सेकेंडरी स्कूल छीता पंडरिया की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। आयोजकों के द्वारा जनजातीय विभूतियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मान किया गया।
इन पलों में NHRSJC के जिलाध्यक्ष महेंद्र बरेठ ने सफल मंच संचालन किया तो वहीं अशासकीय विद्यालय प्रबंधक कल्याण संघ के जिलाध्यक्ष दुलीचंद साहू, मानवाधिकार संगठन के कांता यादव, फागूलाल, प्रेमलाल गबेल, पालूराम चंद्रा, बलदेव साहू (सरपंच खमरिया), कमलेश चौहान के साथ ग्राम पंचायत के पदाधिकारी, विद्यालय परिवार, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और ग्रामवासियों की गरिमामय उपस्थिति रही जहां पर प्रतिभाशाली छात्राओं एवं  मितानिनों को ग्राम पंचायत की ओर से साड़ी भेंट कर अभिनंदन किया गया। जनजातीय अंचल में प्रथम बार आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर लोगों ने सरपंच एवं ग्राम पंचायत का सराहनीय कदम बताया।