जिला अस्पताल सक्ती में सीएमएचओ पूजा अग्रवाल का औचक निरीक्षण, साफ-सफाई और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं पर जताई सख्ती

व्यवस्थाओं का बारीकी से लिया जायजा, लापरवाही नहीं बरतने और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के दिए आवश्यक निर्देश


सक्ती- जिला अस्पताल सक्ती में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, साफ-सफाई एवं मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लेने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. पूजा अग्रवाल ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान डीपीएम कीर्ति बड़ा एवं सीएस डॉ. रविंद्र सिदार भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ डॉ. पूजा अग्रवाल ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, परिसर की साफ-सफाई, स्वच्छता व्यवस्था, मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी लेते हुए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जिला अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। अस्पताल परिसर एवं वार्डों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा मरीजों को शासन की मंशा के अनुरूप बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीएमएचओ ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा अस्पताल की व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार लाने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। औचक निरीक्षण के माध्यम से उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं को और अधिक जवाबदेह एवं मरीज हितैषी बनाने पर जोर दिया।
