घर से बिना बताए निकली कॉलेज छात्रा लापता, अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज

सक्ती – मालखरौदा थाना क्षेत्र के ग्राम कलमी से बीए की एक छात्रा के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर मालखरौदा पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 140(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कलमी निवासी लक्ष्मीन भैना (49) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनकी बेटी सिमरन भैना पिहरीद कॉलेज में बीए की पढ़ाई कर रही है। बीते 16 नवंबर 2026 की सुबह वह घर से बिना किसी को बताए कहीं निकल गई। शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास, पड़ोस और रिश्तेदारों के यहां काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
प्रार्थिया ने आशंका जताई है कि कोई अज्ञात व्यक्ति उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर या सदोष परिरोध कर गुप्त रूप से अपने साथ ले गया है।
लापता छात्रा का हुलिया:
लापता छात्रा सिमरन भैना का रंग सांवला, चेहरा गोल और ऊंचाई करीब 5 फीट है। उसके बाएं गाल पर मस्से का निशान है तथा वह हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा बोलती है। घर से निकलते समय उसने सफेद रंग का ट्राउजर और सफेद रंग का टॉप पहना हुआ था। फिलहाल मालखरौदा पुलिस ने 17 नवंबर को मामला दर्ज कर लिया है और प्रधान आरक्षक बिरिछ राम संदे द्वारा छात्रा की पतासाजी की जा रही है।
