सक्ती में तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, पुलिस ने दर्ज किया मामला

सक्ती – थाना डभरा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कंवली मेन रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाई जा रही एक सफेद रंग की हुंडई कार ने मोटरसाइकिल सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में गंभीर चोटें आने के कारण युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान ग्राम गोविन्दपुर डेरा (थाना चन्द्रपुर) निवासी संजय सिदार के रूप में हुई है। संजय रायगढ़ स्थित जिंदल कंपनी में काम करता था। मंगलवार, 17 नवंबर 2026 को सुबह वह अपनी मोटरसाइकिल (क्रमांक सीजी 13 बीएन 2651) से टुण्ड्री की ओर से भदरी चौक की तरफ जा रहा था।
इसी दौरान भदरी चौक की ओर से आ रही सफेद रंग की हुंडई कार (क्रमांक सीजी 12 एजे 2821) के चालक ने वाहन को तेज और लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए ग्राम कंवली मेन रोड पर संजय की बाइक को सामने से ठोकर मार दी।
मौके पर ही तोड़ा दम
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि संजय सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर, चेहरे, कान और दाहिने पैर में गंभीर चोटें आईं। अधिक खून बहने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। राहगीरों और ग्रामीणों की सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) डभरा की मर्चुरी में भिजवाया।
पुलिस कार्रवाई
मृतक के पिता शौकी लाल सिदार (उम्र 70 वर्ष) की रिपोर्ट पर डभरा पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
